Indonesia Earthquake Video: इंडोनेशिया के तट के पास शनिवार तड़के आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। भूकंप के कारण कई मकान और इमारतें ढह गईं। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में अब तक कम से कम 38 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया। कई इलाकों में तेज झटके महसूस होने के बाद लोग घबराकर घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।
अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 5:58 बजे फ्लोरेस क्षेत्र में आया। इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था और यह पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से लगभग 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में स्थित था।
मुख्य झटके के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए। इंडोनेशिया की भूकंप और सुनामी निगरानी एजेंसी (BMKG) ने शुरुआती तौर पर सुनामी की चेतावनी जारी की, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख के अनुसार, राहत और बचाव दल अब तक 38 शव बरामद कर चुके हैं। इनमें से ज्यादातर मौतें सिक्का, मंग्गाराई और पूर्वी मंग्गाराई के बुरी तरह प्रभावित इलाकों में हुई हैं।
मंग्गाराई के रेओक गांव में भूस्खलन के बाद मलबे से 16 शव निकाले गए हैं। कम से कम 13 घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
भूकंप के बाद नागेकेओ इलाके के करीब 2,000 ग्रामीणों ने अपने घर खाली कर अस्थायी राहत शिविरों में शरण ली है। राहत एवं बचाव अभियान में तीन हेलीकॉप्टर और एक बचाव जहाज लगाया गया है।
पूर्वी नुसा तेंगारा का इलाका कई द्वीपों में फैला हुआ है, जिसके कारण राहत सामग्री पहुंचाने और प्रभावित लोगों तक बचाव दलों की पहुंच बनाने में मुश्किलें आ रही हैं।
पूर्वी नुसा तेंगारा के पुलिस प्रमुख रूडी डारमोको ने बताया कि भूकंप से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है और बड़ी संख्या में इमारतें ढह गई हैं। कई शहरों और गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण सूचनाएं जुटाने और बचाव अभियान चलाने में भी परेशानी आ रही है।
फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में फंसे लोगों को तलाशने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने पर है।