IDF ने जारी की याह्या सिनवार के बेटे की चिट्ठी  (सोर्स- सोशल मीडिया)
विदेश

यहूदियों पर गोलियां बरसाना चाहता हूं...हमास के पूर्व चीफ याह्या सिनवार के बेटे ने खाई कसम, सामने आई चिट्ठी

Israel-Hamas Gaza War: इजरायली सेना ने हमास के पूर्व प्रमुख याह्या सिनवार के बेटे इब्राहिम की चिट्ठी सार्वजनिक की है। इसमें हथियारों और युद्ध को लेकर उसकी भावनाओं का जिक्र है।

अक्षय साहू

Highlights:

  • इजरायली सेना के मुताबिक, इब्राहिम की चिट्ठी गाजा में 2024 में मिली थी।

  • पत्र में इब्राहिम ने पिता को याद करने और उनके लौटने की इच्छा जताई।

  • IDF ने चिट्ठी के साथ बच्चे के बनाए कुछ चित्र भी सार्वजनिक किए।

  • याह्या सिनवार अक्टूबर 2024 में इजरायली सेना की कार्रवाई में मारा गया था।

Yahya Sinwar Son Ibrahim Letter: इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने हाल ही में हमास के पूर्व प्रमुख याह्या सिनवार के 10 वर्षीय बेटे इब्राहिम की एक चिट्ठी सार्वजनिक की है। इस चिट्ठी में इब्राहिम ने कलाशनिकोव राइफल चलाने और यहूदियों पर गोली चलाने की इच्छा जाहिर की है। इजरायली सैनिकों को यह चिट्ठी साल 2024 में गाजा पट्टी में मिली थी। याह्या सिनवार की मौत के दो साल पूरे होने के मौके पर इजरायली सेना ने इसे जारी किया है।

 IDF ने चिट्ठी और उसके साथ मिली तस्वीरों को इस बात के उदाहरण के तौर पर पेश किया है कि हमास की विचारधारा और सशस्त्र संघर्ष का माहौल गाजा में बड़े हो रहे बच्चों की सोच को किस तरह प्रभावित कर सकता है।

पिता को याद कर रहा था इब्राहिम

चिट्ठी में इब्राहिम ने अपने पिता को याद करते हुए लिखा कि वह उनके लौटने का इंतजार कर रहा है और वापस आने पर उन्हें गले लगाना चाहता है। उसने अपने पिता को जीत हासिल करते, 'अल्लाहु अकबर' का नारा लगाते और यहूदियों के खिलाफ कलाशनिकोव राइफल का इस्तेमाल करते हुए देखने की इच्छा भी जताई। इजरायली सेना की ओर से किए गए अनुवाद के मुताबिक, इब्राहिम ने पत्र में लिखा, मैं लगातार कागज और गत्ते से पिस्तौल, टैंक और कलाशनिकोव बना रहा हूं।

10 साल के बच्चे ने यह सवाल भी किया कि उसके पिता कब लौटेंगे और उसे अपनी बाहों में लेकर सुलाएंगे। चिट्ठी के अंत में इब्राहिम ने युद्ध समाप्त होने की कामना करते हुए अपने पिता की सलामती के लिए दुआ की। उसने लिखा, 'या अल्लाह, काश यह युद्ध खत्म हो जाए और मैं आपको सही-सलामत देख सकूं। अल्लाह आपकी रक्षा करे, अब्बू। मैं चाहता हूं कि आप मेरे लिए दुआ करें।

इजरायल की ओर दागी गई मिसाइलें

चिट्ठी के साथ कुछ चित्र भी मिले हैं, जिन्हें इब्राहिम का बनाया हुआ बताया जा रहा है। इन चित्रों में हथियार, गाजा पट्टी और इजरायल के बीच की सीमा के पास तैनात टैंक और इजरायली क्षेत्र की दिशा में दागी जा रही मिसाइलें दिखाई गई हैं। IDF के मुताबिक, ये चिट्ठी और चित्र साल 2024 में गाजा में तैनात इजरायली सैनिकों को मिले थे। सेना ने इन्हें अपने आधिकारिक संचार माध्यमों के जरिए सार्वजनिक किया।

अक्टूबर 2024 में मारा गया था याह्या सिनवार

याह्या सिनवार गाजा में हमास का प्रमुख नेता था। साल 2024 में वह हमास का चीफ बना था। उसी साल अक्टूबर में इजरायली सेना ने उसे मार गिराया था। इजरायल ने सिनवार को 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमलों का मास्टरमाइंड बताया था। उन हमलों के बाद गाजा में युद्ध शुरू हुआ था। 

CJP Tiranga March Live: अभिजीत दिपके का आज दिल्ली में तिरंगा प्रदर्शन, कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू

IMD Weather Alert: दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी बदलेगा मौसम

ज्ञानू भाई, इतना काफी नहीं... इस्तीफा देकर सरकारी गवाह बन जाइए, वेणुगोपाल का ज्ञानेश कुमार पर हमला

CJP Protest: दिल्ली पुलिस मुझे उठा सकती है, अभिजीत दिपके बोले- तिरंगा फहराने के लिए जेल जाने को तैयार

वो IAS अधिकारी कौन है? जो बाद में CM बना, क्या UP में दिव्या मित्तल रचेंगी इतिहास?