अमेरिका : एलन मस्क (Elon Musk) पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियों पर बने हुए हैं। जिसकी वजह ट्विटर (Twitter) को खरीदने के बाद उनका कर्मचारियों और ट्विटर में किया जाने वाला ताबड़ तोड़ बदलाव है, लेकिन एलन मस्क इस समय एक और वजह से चर्चाओं में बने हुए हैं। यह वजह है एलन मस्क का भोजपुरी और हिंदी ट्वीट।
दरअसल, एलन मस्क के वेरिफाइड ट्विटर अकाउंट से भोजपुरी में ट्वीट करते हुए फेमस गाने का एक लाइन लिखा गया, 'कमरिया करे लपालप की लॉलीपॉप लागेलू।'
तो वहीं हिंदी में लिखा, 'ट्विटर तेरे टुकड़े होंगे, गैंग को भी $8 देने पड़ेंगे।' जिसे पढ़कर लोग हैरान है कि क्या एलन मस्क का अकाउंट हैक (Hack) हो गया है जो वो ऐसे ट्वीट्स कर रहे हैं। तो चलिए हम आपको इस पूरे माजरे के बारे में बताते हैं।
एलन मस्क का नहीं है यह वेरिफाइड अकाउंट
आपको बता दें कि भले ही इस अकाउंट पर एलन मस्क लिखा है और ये वेरिफाइड अकाउंट है, लेकिन यह अकाउंट एलन मस्क का नहीं हैं। ये सारा कन्फूजन @iawoolford नाम के यूजर द्वारा क्रिएट किया गया है। दरअसल, इस यूजर ने अपना असली नाम बदलकर एलन मस्क के नाम पर कर दिया है।
ये है एलन मस्क का आधिकारिक अकाउंट
गौरतलब है कि एलन मस्क का ऑफिसियल अकाउंट @elonmusk है। जब आप दोनों अकाउंट का यूजर नेम चेक करेंगे तो आपको उनके ऑफिसियल अकाउंट का पता चल जाएगा साथ ही आप फॉलोवर्स और अन्य डिटेल्स भी मैच कर सकते हैं।
कौन कर रहा है एलन मस्क के नाम से ट्वीट्स?
जानकारी के मुताबिक अपना नाम बदलकर एलन मस्क के नाम से ट्वीट ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में स्थित ला ट्रोब यूनिवर्सिटी में हिंदी पढ़ाने वाले प्रोफेसर डॉ. इआन वूलफोर्ड कर रहें हैं। बता दें कि वूलफोर्ड शुरू से ही हिंदी भाषा में ट्वीट करते रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने प्रोफाइल फोटो से लेकर नाम और कवर फोटो तक बदलकर एलन मस्क की तरह लगा लिया है, यही कारण है कि ट्विटर यूजर्स भ्रमित हो रहे हैं।