कैलिफोर्निया के चिको में फायरिंग, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी कैलिफोर्निया की लाइब्रेरी, 18 साल के लड़के ने दो लोगों को उतारा मौत के घाट

Chico Library Shooting: कैलिफोर्निया की एक लाइब्रेरी में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने 18 वर्षीय हमलावर को गिरफ्तार किया है, जो कोलंबाइन नरसंहार की सनक से प्रभावित था।

अमन उपाध्याय

California Chico Library Shooting News In Hindi: अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया स्थित चिको शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार शाम एक सार्वजनिक लाइब्रेरी में हुई अंधाधुंध गोलीबारी ने पूरे समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। इस दुखद हमले में दो निर्दोष नागरिकों की जान चली गई, जबकि एक बच्ची मामूली रूप से घायल हुई है।

पुलिस ने इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय संदिग्ध हमलावर को मौके से भागते समय हिरासत में ले लिया है, जिसके इरादों को लेकर बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

लाइब्रेरी में शाम के समय मचा कोहराम

चिको पुलिस विभाग के अनुसार, यह भीषण घटना सोमवार, 22 जून 2026 को शाम करीब 5 बजे के बाद बट काउंटी लाइब्रेरी की चिको शाखा में हुई। हमलावर ने लाइब्रेरी के अंदर प्रवेश कर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

पुलिस प्रमुख बिली एल्ड्रिज ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि संदिग्ध को लाइब्रेरी के पिछले दरवाजे से भागते समय कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने दबोच लिया। हमलावर की पहचान ब्रेडली स्कॉट सायर के रूप में हुई है, जिसे फिलहाल बट काउंटी जेल में दो हत्याओं के आरोप में रखा गया है।

कोलंबाइन नरसंहार की तर्ज पर रची गई थी साजिश

जांचकर्ताओं ने खुलासा किया है कि सायर इस हमले के लिए 1999 के कुख्यात कोलंबाइन हाई स्कूल नरसंहार से बुरी तरह प्रभावित था। पुलिस के अनुसार, वह उसी तर्ज पर एक बड़ी सामूहिक हत्या की घटना को अंजाम देना चाहता था। चौंकाने वाली बात यह है कि हमले के समय सायर ने कोलंबाइन के हत्यारे एरिक हैरिस जैसी ही पोशाक पहन रखी थी।

अधिकारियों का यह भी मानना है कि वह सामूहिक हत्यारों के एक ऑनलाइन 'फैनडम ग्रुप' से जुड़ा हो सकता है, जो पहले भी कई गोलीबारी की घटनाओं से जुड़ा रहा है। पुलिस का कहना है कि सायर अपनी इस सनक के चलते अकेले ही इस जघन्य अपराध की फिराक में था।

नागरिकों को बनाया निशाना

इस गोलीबारी में मारे गए लोगों की पहचान 74 वर्षीय रॉबर्ट जॉनसन और 46 वर्षीय कोडी हल के रूप में हुई है। रॉबर्ट जॉनसन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि कोडी हल ने अस्पताल ले जाने के बाद दम तोड़ा। कोडी हल अपने दोस्त की बेटी के साथ लाइब्रेरी आए थे, जो इस हमले के दौरान कांच के टुकड़े लगने से घायल हो गई।

हालांकि, बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि हमलावर पीड़ितों को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता था और उसने लाइब्रेरी में मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं।

कुल आठ राउंड गोलियां चलाई

पुलिस ने घटनास्थल से एक शॉटगन बरामद की है, जबकि हमलावर की कार से दो अन्य घातक हथियार भी मिले हैं। जांच के दौरान पता चला कि हमलावर ने कुल आठ राउंड गोलियां चलाई थीं। इस घटना के बाद एहतियात के तौर पर बट काउंटी की सभी लाइब्रेरी शाखाओं को बंद कर दिया गया है।

फिलहाल चिको पुलिस इस मामले की गहन जांच के लिए FBI और स्थानीय शेरिफ कार्यालय के साथ मिलकर काम कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने जनता को आश्वस्त किया है कि अब कोई खतरा नहीं है, लेकिन जांच अभी जारी है।

याचना नहीं अब रण होगा...बिहार के किसान परिवार से निकला वो लड़का, जिसकी कविताओं से थरथराती थी अंग्रेजी सरकार

बॉम्बे हाई कोर्ट की विजय माल्या को सख्त चेतावनी, सोशल मीडिया पर कोर्ट के दस्तावेज न करें पोस्ट

PM मोदी की मिमिक्री पड़ी भारी! विवाद के बाद कॉमेडियन पुलकित मणि के शो रद्द, मिलीं धमकियां

यूपी में BJP को हराना नामुमकिन, इकरा हसन के बयान पर इमरान मसूद का पलटवार; विपक्ष को दिए ये खास सलाह

अब पूर्व एयर मार्शल के हाथ राम मंदिर की कमान, जानिए अयोध्या में आवास से लेकर कार्यप्रणाली तक सब कुछ