जिनपिंग और ट्रंप सोर्स-सोशल मीडिया
विदेश

APEC Summit: जिनपिंग के सामने ट्रंप की दोटूक, कहा- चीन से बेहतर जासूसी करता है अमेरिका

APEC Summit 2026: APEC शिखर सम्मेलन में ट्रंप का चीन को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। एनवीडिया को लेकर पूछे गए सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा अमेरिका चीन से बेहतर जासूसी करता है।

आशीष शुक्ला

Highlights:

  • APEC शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन को लेकर दिया बड़ा बयान

  • इस सम्मेलन में रूस, अमेरिका और चीन के राष्ट्रप्रमुख पहली बार एक मंच पर साथ

  • एनवीडिया जासूसी के सवाल पर ट्रंप ने कहा अमेरिका जासूसी के मामले में चीन से ज्यादा बेहतर

Donald Trump Xi Jinping Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन की जासूसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्वीकार किया कि अमेरिका भी चीन की जासूसी करता है और इस मामले में वह चीन से बेहतर है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब वह चीन के शेन्ज़ेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। इस दौरान उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अहम मुलाकातें भी प्रस्तावित हैं।

दरअसल, ट्रंप से एनवीडिया (Nvidia) के संस्थापक जेनसेन हुआंग और चीनी बिजनेसवुमन एलिस हुआंग को लेकर सवाल पूछा गया था। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि एलिस हुआंग के संबंध चीन के जासूसी नेटवर्क से हो सकते हैं। इस पर ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि एलिस हुआंग कोई जासूस थीं। उन्होंने कहा कि वह एक बिजनेसवुमन थीं, जो चिप्स खरीदती थीं। हालांकि, चिप्स की खरीद सही तरीके से हुई थी या नहीं, इस बारे में कुछ भी निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता।

हम भी चीन की जासूसी करते हैं

जब डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सामने इस मामले को उठाया है, तो उन्होंने कहा कि शायद इस बारे में संक्षेप में बातचीत हुई हो। इसके बाद उन्होंने कहा, "हम भी उनकी जासूसी करते हैं। मुझे लगता है कि हम उनसे बेहतर जासूसी करते हैं।"

ट्रंप ने जेनसेन हुआंग को बेहद प्रतिभाशाली व्यक्ति बताते हुए कहा कि अमेरिका को अपने प्रतिभाशाली लोगों का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने इस पूरे विवाद को एक त्रासदी करार दिया। उनके बयान से संकेत मिला कि वह इस मामले को अमेरिकी तकनीकी उद्योग और प्रतिभाओं से भी जोड़कर देख रहे हैं।

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट में क्या दावा?

ट्रंप का बयान अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट से अलग नजर आता है। रिपोर्ट के मुताबिक, मई में चीन यात्रा से पहले एयर फोर्स वन में ट्रंप को अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की ओर से एक ब्रीफिंग दी गई थी। इसमें कथित तौर पर बताया गया था कि जेनसेन हुआंग एक ऐसी महिला के संपर्क में थे, जिसे चीनी जासूसी नेटवर्क से जुड़ा माना जाता है। बताया गया कि हुआंग चीन यात्रा के दौरान ट्रंप के साथ जुड़े थे।

हालांकि, ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से कहा कि उन्हें एलिस हुआंग के जासूस होने की जानकारी नहीं थी। इस तरह इस मामले में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के संदेह और राष्ट्रपति के बयान के बीच अंतर दिखाई देता है।

अमेरिकी संस्थानों में तकनीकी रुकावटों पर भी बोले ट्रंप

इस बीच ट्रंप ने अमेरिका में हाल के दिनों में सामने आई तकनीकी रुकावटों को लेकर जताई जा रही चिंताओं को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं अलग-अलग हैं और नई तकनीक या उपकरण स्थापित किए जाने के दौरान ऐसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।

पिछले कुछ दिनों में फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल, जेपी मॉर्गन चेस और यूनाइटेड एयरलाइंस जैसे कई अमेरिकी संस्थानों और कंपनियों को संचार तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।

ट्रंप ने इन घटनाओं को किसी बड़ी समस्या से जोड़ने के बजाय अलग-अलग तकनीकी घटनाएं बताया। ऐसे में चीन के साथ जासूसी, अमेरिकी तकनीकी कंपनियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।

सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर का नाम आया सामने

GTA 5 से GTA 6 तक: पीएम मोदी ने गेम के बहाने गिनाई 12 साल की तरक्की, कांग्रेस ने बताया क्रिमिनल Duo

कावेरी के लिए कड़ा संघर्ष, तमिलनाडु में नदी की रेत में दफन हुए किसान, कर्नाटक सरकार की मेकेदातु बांध पर बवाल

FICCI के शताब्दी सम्मेलन में PM मोदी का संबोधन, बोले- पिछले 12 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदली

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का रास्ता साफ, SEIAA ने दी मंजूरी; ₹375.33 करोड़ से बनेगा 3,000 मीटर लंबा रनवे