West Bengal Assembly Election Schedule: पश्चिम बंगाल के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। पश्चिम बंगाल में वोटिंग दो चरणों में होगी। यहां चुनाव 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे। चुनाव आयोग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह घोषणा की। राज्य में वोटों की गिनती 4 मई को होगी। गौरतलब है कि पिछली बार पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव आठ चरणों में हुए थे।
इस मौके पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके साथ दो चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु, केरलम, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है।
चुनाव आयोग ने इस महीने की शुरुआत में ही इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का दौरा करके चुनाव की तैयारियों का जायज़ा लिया था। आयोग ने इन क्षेत्रों में राजनीतिक दलों, सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।
चुनाव की तारीखों का ऐलान करने से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पांचों राज्यों के सभी राजनीतिक दलों के साथ चर्चा की गई थी। सभी दलों से सुझाव मांगे गए और इस प्रक्रिया के दौरान चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। इन पांच राज्यों में 17.4 करोड़ लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव निष्पक्ष और बिना किसी भेदभाव के कराए जाएंगे। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने युवाओं से चुनाव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेने की अपील की। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 'चुनावों का त्योहार' हम सभी के लिए गर्व की बात है।
पश्चिम बंगाल के अलावा चुनाव आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। असम, केरल और पुडुचेरी में सभी सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा तो वहीं, तमिलनाडु की सभी विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। चुनाव नतीजों का ऐलान 4 मई को होगा।
यह भी पढ़ें: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, कहां कितने चरण में होगी वोटिंग? यहां देखें पूरा शेड्यूल
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को, तमिलनाडु विधानसभा का 10 मई को, पुडुचेरी विधानसभा का कार्यकाल 15 जून को, असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को और केरल विधानसभा का 23 मई को समाप्त हो रहा है। इन तारीखों से पहले वहां नई विधानसभा का गठन किया जाना है।