TMC 60 Out of 80 MLAs Not Attend Meeting: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा से मिली करारी हार के बाद कई नेता TMC छोड़ जा चुके हैं। चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) में सबकुछ ठीक नहीं है। कई विधायक और सांसद पार्टी नेतृत्व से नाराज बताए जा रहे हैं। इन अटकलों को बल रविवार को तब और मिला, जब अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद ममता बनर्जी के घर होने वाली बैठक में 80 में से 60 विधायक नदारद रहे। इससे पार्टी में हड़कंप मच गया है।
खबरों के अनुसार, ममता के घर पर रविवार को एक अहम बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सभी विधायकों को बुलाया गया था, लेकिन बैठक से करीब 60 विधायक गायब रहे, जिससे इस बैठक को रद्द करना पड़ गया।
इसको लेकर बाद में पार्टी की तरफ से सफाई पेश की गई कि अभिषेक और कल्याण बनर्जी पर हुए हमले के मामले में तमाम विधायक व्यस्त थे और यही कारण है कि वे ममता की बैठक में नहीं पहुंचे। एनडीटीवी की रिपोर्ट में टीएमसी के सूत्रों के हवाले से बताया गया कि यह बैठक पार्टी के विधायक दल के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने ममता बनर्जी के घर पर बुलाई थी। कुछ देर तक विधायकों का इंतजार किया गया, लेकिन जब वे लोग नहीं पहुंचे तो आखिरकार बैठक को ही रद्द तर दिया गया। गैर-हाजिर विधायकों से उस समय संपर्क भी नहीं हो पा रहा था। इस वजह से अब सवाल खड़े होने लगे हैं कि क्या टीएमसी में बड़ी फूट पड़ने वाली है।
सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद ममता बनर्जी ने पार्टी को एकजुट करने और आगे की रणनीति तय करने के लिए रविवार को सभी विधायकों की मीटिंग बुलाई थी। टीएमसी के राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि ममता बनर्जी की इस बैठक में विधायकों की क्लास लगने वाली है और उनसे जमीन पर उतरकर संघर्ष करने के लिए कहा जाएगा। लेकिन ममता के घर पर जब बैठक का समय हुआ, तो ममता बनर्जी के आवास पर सन्नाटा पसरा रहा। कयासों के विपरीत, आधे से अधिक विधायक इस महत्वपूर्ण बैठक में पहुंचे ही नहीं।
यह भी पढ़ें- बंगाल में सुवेंदु अधिकारी की नई टीम तैयार, 35 दिग्गज नेता बनेंगे कैबिनेट मंत्री, कल सुबह 11 बजे होगा शपथग्रहण
खबरों के मुताबिक, 2 जून को खुद पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस एक विशाल धरना प्रदर्शन करेगी। ममता बनर्जी खुद इस धरने में हिस्सा लेंगी और कोलकाता की सड़क पर बैठकर सुवेंदु सरकार की नीतियों, चुनाव बाद हो रही कथित हिंसा और टीएमसी नेताओं पर हो रहे हमलों के खिलाफ हुंकार भरेंगी।