Real Life Spider Man Viral Video: कॉमिक बुक्स और फिल्मों में हमने अक्सर 'स्पाइडर-मैन' को लोगों की जान बचाते देखा है, लेकिन अमेरिका के अरकंसास राज्य में यह किरदार हकीकत में उतर आया। जोन्सबोरो की एक व्यस्त सड़क पर स्पाइडर-मैन की ड्रेस पहने एक युवक ने कुछ ऐसा किया कि वह रातों-रात इंटरनेट सनसनी बन गया है।
20 वर्षीय क्रिस्टोफर हेलेंथल ने अपनी बहादुरी और सूझबूझ से एक व्हीलचेयर सवार व्यक्ति को सुरक्षित सड़क पार कराकर यह साबित कर दिया कि नायक केवल कहानियों में नहीं होते।
यह घटना उस समय हुई जब क्रिस्टोफर एक स्थानीय ट्रम्पोलिन पार्क में सुपरहीरो-थीम वाले कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। वह उसी पार्क में काम करते हैं और बच्चों के मनोरंजन के लिए अक्सर स्पाइडर-मैन की वेशभूषा धारण करते हैं। ड्राइविंग के दौरान उन्होंने देखा कि एक दिव्यांग व्यक्ति अपनी व्हीलचेयर के साथ छह लेन वाली एक बेहद व्यस्त सड़क को पार करने के लिए संघर्ष कर रहा है।
ट्रैफिक कैमरे में कैद हुई फुटेज के अनुसार, वह दिव्यांग व्यक्ति चौराहे के बीचों-बीच था और रेड लाइट होने की वजह से गाड़ियां रुकी हुई थीं। जैसे ही क्रिस्टोफर की नजर उन पर पड़ी, उन्होंने बिना वक्त गंवाए अपनी कार बीच सड़क पर ही छोड़ी और बाहर निकल पड़े।
उन्होंने तेजी से दौड़कर व्हीलचेयर पकड़ी और ट्रैफिक सिग्नल हरा होने से पहले ही उस व्यक्ति को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया। क्रिस्टोफर ने बाद में बताया कि उन्होंने उस व्यक्ति से बस इतना कहा कि मैंने आपको संभाल लिया है (I got you)।
जोन्सबोरो पुलिस विभाग ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए क्रिस्टोफर के निस्वार्थ कार्य की सराहना की है। वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने उनके साहस और दयालुता की तारीफ की है। लोगों का कहना है कि क्रिस्टोफर ने स्पाइडर-मैन के उस प्रसिद्ध संदेश को चरितार्थ किया है कि बड़ी शक्तियों के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है।
यह भी पढ़ें:- रूस में लगातार छठी रात यूक्रेन का ड्रोन अटैक; ई-कॉमर्स हब और ऊर्जा केंद्रों को बनाया निशाना; मची भारी तबाही
क्रिस्टोफर हेलेंथल का कहना है कि वह बचपन से ही स्पाइडर-मैन के प्रशंसक रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि उन्होंने वह कॉस्ट्यूम नहीं भी पहना होता, तब भी वे उस व्यक्ति की मदद के लिए जरूर जाते। उनके सहकर्मियों के अनुसार, क्रिस्टोफर का स्वभाव हमेशा से ही दूसरों की मदद करने वाला रहा है और उनके लिए यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है। इस समय जब दुनिया भर से युद्ध और हिंसा की खबरें आ रही हैं, इस "रियल लाइफ सुपरहीरो" की कहानी ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी है।