Nigerian Boy Innovation : सोशल मीडिया पर एक युवा आविष्कारक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने अपनी अनोखी प्रतिभा से लाखों लोगों को हैरान कर दिया है। नाइजीरिया के 17 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर स्मार्टिशियन ने कार्डबोर्ड, प्लास्टिक की बोतलों और अन्य सामान्य घरेलू सामान की मदद से एक छोटी लेकिन पूरी तरह काम करने वाली वॉशिंग मशीन तैयार कर दी।
खास बात यह रही कि उसने कैमरे के सामने इस मशीन का परीक्षण भी किया और दिखाया कि यह वास्तव में कपड़े धो सकती है। वीडियो देखने के बाद लोग उसकी रचनात्मकता और तकनीकी समझ की जमकर सराहना कर रहे हैं।
वीडियो की शुरुआत एक चुनौती से होती है, जब स्मार्टिशियन से पूछा जाता है कि क्या वह वॉशिंग मशीन बना सकता है। इसके जवाब में वह "चैलेंज एक्सेप्टेड" कहकर काम शुरू कर देता है। इसके बाद वीडियो में वह कार्डबोर्ड काटते, प्लास्टिक की बोतलों का इस्तेमाल करते और विभिन्न हिस्सों को जोड़ते हुए दिखाई देता है।
उसने मशीन के हर हिस्से को बेहद बारीकी से डिजाइन किया। मशीन तैयार होने के बाद उसने एक छोटा कपड़ा उसमें डाला, साबुन मिलाया और बटन दबाकर परीक्षण शुरू किया। कुछ ही देर में मशीन के अंदर लगा छोटा ड्रम घूमने लगा और कपड़ा धुलने लगा। यह देखकर खुद स्मार्टिशियन भी काफी उत्साहित नजर आया।
ये खबर भी पढ़ें : विकास छोड़ो, तिकड़म लगाओ… साम-दाम-दंड-भेद अपनाओ, चुनाव जीतने के लिए भाजपा विधायक ने दी नसीहत
यहीं नहीं, उसने कपड़े से अतिरिक्त पानी निकालने के लिए एक स्पिनर सेक्शन भी बनाया था। धुलाई के बाद कपड़े को स्पिनर में डालकर उसने दिखाया कि मशीन कपड़े को अधिक तेजी से सुखाने में भी मदद करती है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने स्मार्टिशियन को जीनियस बताया।
कई लोगों का कहना है कि ऐसी प्रतिभाओं को बेहतर संसाधन और अवसर मिलने चाहिए ताकि वे अपनी क्षमता का पूरा इस्तेमाल कर सकें। वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उम्मीद जताई कि यह वीडियो सही लोगों तक पहुंचेगा और युवा आविष्कारक को अपने हुनर के लिए बड़ी पहचान मिलेगी।