Employment Crisis : आज के समय में कई लोग अपनी नौकरी और ऑफिस की रोजमर्रा की जिंदगी से परेशान रहते हैं। सोमवार की सुबह ऑफिस जाने का नाम सुनते ही कई लोगों का मूड खराब हो जाता है। इसी बीच मुंबई की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने नौकरी से परेशान लोगों को मौजूदा जॉब मार्केट की स्थिति याद दिलाई है।
इंस्टाग्राम पर @mridulgupta_9 हैंडल से शेयर किए गए वीडियो में मृदुल गुप्ता ने कहा कि अगर कोई अपनी नौकरी से परेशान है तो यह सामान्य बात है, लेकिन उसे यह भी देखना चाहिए कि नौकरी तलाश रहे लोगों के लिए हालात कितने मुश्किल हैं। उन्होंने कहा कि आज कई लोग बड़ी संख्या में आवेदन भेजने के बावजूद किसी कंपनी से जवाब का इंतजार कर रहे हैं।
मृदुल ने अपने वीडियो में कहा कि कई नौकरी चाहने वाले रोजाना 50, 100 और यहां तक कि 200 तक आवेदन भेज रहे हैं, लेकिन उन्हें इंटरव्यू के लिए भी बुलावा नहीं मिल रहा। उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्षों का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को शुरुआती स्तर की नौकरियों के लिए भी रिजेक्शन का सामना करना पड़ रहा है।
महिला ने कहा कि नौकरी से प्यार करना जरूरी नहीं है और काम से थकान या परेशानी होना स्वाभाविक है। हालांकि, जब कोई व्यक्ति सुबह अपनी नौकरी को लेकर शिकायत करता है, तो उसे उन लोगों के बारे में भी सोचना चाहिए जो सिर्फ एक इंटरव्यू कॉल के इंतजार में अपना इनबॉक्स बार-बार चेक कर रहे हैं। उनके मुताबिक, मौजूदा परिस्थितियों में नौकरी होना भी ऐसी चीज है जिसके लिए व्यक्ति को शुक्रगुजार होना चाहिए।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने मृदुल की बात को जरूरी रियलिटी चेक बताया और माना कि मौजूदा जॉब मार्केट में नौकरी पाना आसान नहीं है। कुछ यूजर्स ने कहा कि बड़ी संख्या में योग्य उम्मीदवारों को आवेदन करने के बावजूद इंटरव्यू का मौका नहीं मिल रहा है।
एक यूजर ने लिखा कि इस समय नौकरी होना एक विशेषाधिकार जैसा लगता है। वहीं, दूसरे यूजर ने जॉब मार्केट को बेहद कठिन बताया। वीडियो के जरिए महिला ने यह संदेश देने की कोशिश की कि नौकरी से जुड़ी परेशानियों को नजरअंदाज करने की जरूरत नहीं है, लेकिन अपनी स्थिति की तुलना उन लोगों से भी करनी चाहिए जो लंबे समय से रोजगार की तलाश में हैं।