Mumbai Local Train Viral Video : ‘सपनों के शहर’ मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली मुंबई लोकल ट्रेन में रोज लाखों लोग सफर करते हैं। भीड़ और भागदौड़ के बीच कभी-कभी ऐसे नजारे भी सामने आ जाते हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाते हैं।
इस बार एक वीडियो में लोकल ट्रेन के अंदर एक शख्स ने लगेज रैक यानी सामान रखने की जगह को ही अपना स्लीपर कोच बना लिया। यह दृश्य देखकर लोग हैरान भी हैं और हंसी भी नहीं रोक पा रहे।
वायरल वीडियो में ट्रेन खचाखच भरी हुई नजर आती है। नीचे खड़े यात्रियों को ठीक से जगह नहीं मिल रही, लेकिन कैमरा ऊपर जाता है तो एक शख्स लोहे के लगेज रैक पर आराम से लेटा दिखता है।
कुछ देर बाद वह नीचे उतरने की कोशिश करता है और ट्रेन की छत व हैंडल पकड़कर ऐसे झूलता है जैसे कोई जिमनास्ट हो। आसपास के यात्री मजाक में उसे ‘स्पाइडरमैन’ और ‘मोगली’ कहकर पुकारते सुनाई देते हैं। वीडियो को एक्स पर @Madan_Chikna नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है।
ये खबर भी पढ़ें : 40 देशों की सैर कर चुकी विदेशी ट्रैवल व्लॉगर बोलीं- भारत में जो देखा, वो कहीं और नहीं देखा
हालांकि यह वीडियो देखने में मजेदार लग सकता है, लेकिन यह हरकत रेलवे नियमों के खिलाफ है। लगेज रैक केवल हल्के सामान रखने के लिए होते हैं। अगर ट्रेन अचानक ब्रेक लगा दे तो ऊपर लेटा व्यक्ति गिरकर गंभीर रूप से घायल हो सकता है, और नीचे खड़े यात्रियों को भी चोट लग सकती है। ऐसे स्टंट न सिर्फ खुद के लिए, बल्कि दूसरों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकते हैं।