Hidden Camera Case : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक को कथित तौर पर डायरी के अंदर मोबाइल फोन छिपाकर लोगों की वीडियो रिकॉर्ड करते हुए पकड़ा गया है।
दावा किया जा रहा है कि यह मामला हरिद्वार का है, जहां कुछ लोगों ने युवक को संदिग्ध गतिविधि करते हुए देखा और उससे पूछताछ की। वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर निजता और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है।
वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक की डायरी की जांच करते दिखाई देते हैं। डायरी खोलने पर उसके अंदर एक iPhone फिट किया हुआ नजर आता है। आरोप है कि युवक ने डायरी के पन्नों को इस तरह काटा था कि मोबाइल उसमें आसानी से छिप सके।
इतना ही नहीं, कैमरे से रिकॉर्डिंग हो सके इसके लिए डायरी के कवर में एक छोटा छेद भी बनाया गया था। वीडियो में मौजूद लोग दावा करते हैं कि युवक के फोन में 300 से अधिक वीडियो मौजूद थे। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पूछताछ के दौरान युवक खुद को नई दिल्ली के अशोक विहार का निवासी बताता दिखाई देता है।
ये खबर भी पढ़ें : बेबी कैरियर में बेटी को लेकर डांस करता दिखा पिता, क्यूट वीडियो ने जीता लोगों का दिल
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कई यूजर्स ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि कुछ लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर अधिक सतर्क रहने की सलाह दी है।
विशेषज्ञ भी समय-समय पर लोगों को यह सलाह देते हैं कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपनी निजता को लेकर सजग रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। फिलहाल वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस घटना ने लोगों को प्राइवेसी के महत्व की एक बार फिर याद दिला दी है।