Viral Wedding Video : शादियों के दौरान कई बार ऐसी घटनाएँ हो जाती हैं, जो अचानक माहौल बदल देती हैं और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाती हैं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक नवविवाहित जोड़े के फोटोशूट के दौरान हुई छोटी-सी घटना ने समारोह की खुशी पर पानी फेर दिया।
वीडियो में दिखाया गया है कि दूल्हा-दुल्हन मंच पर बैठे हुए हैं और रिश्तेदार उन पर नोट उड़ाते हुए खुशी मना रहे हैं। तभी खेलते-खेलते एक बच्चा स्टेज पर आ जाता है और वहां पड़े नोटों को उठाने लगता है। बच्चे को शायद अंदाजा नहीं था कि वह शूट में बाधा बन रहा है, लेकिन दूल्हा उसे देखकर भड़क जाता है और गुस्से में उसे धक्का देकर थप्पड़ मार देता है। यह पल कैमरे में रिकॉर्ड हो जाता है, जिससे वीडियो तेजी से फैलने लगा।
घटना यहीं नहीं रुकी। बच्चे को मारने के बाद भी दूल्हे का गुस्सा शांत नहीं होता। वह बार-बार बच्चे को नीचे उतरने के लिए कहता है और अपने चेहरे पर झुंझलाहट साफ दिखाता है। कई मेहमान दूल्हे के इस व्यवहार से असहज नजर आए और बच्चे को तुरंत नीचे ले जाने की कोशिश की।
कुछ लोगों का कहना था कि शादी जैसे खुशी के मौके पर दूल्हे को थोड़ा संयम दिखाना चाहिए था, जबकि कुछ मेहमानों ने बच्चे की हरकत को भी गलत बताया। इसी बीच दूल्हे ने माइक्रोफोन उठाकर मेहमानों को संबोधित किया और कहा कि बार-बार बच्चे मंच पर आकर फोटोशूट में खलल डाल रहे हैं। उसने माता-पिता से बच्चों पर ध्यान रखने की अपील की।
ये खबर भी पढ़ें : बर्फ में क्रिकेट खेलते भारतीय जवानों का वीडियो हुआ वायरल, सेना के जज्बे ने जीता लोगों का दिल
दूल्हे ने यह भी कहा कि अगर किसी को पैसों की जरूरत है तो वह मांग सकता है, लेकिन फोटोशूट के दौरान मंच पर चढ़कर व्यवस्था न बिगाड़ी जाए। इस बयान के बाद वहां मौजूद कई लोग और भी असहज हो गए। वीडियो को X पर @MemeCreaker नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया, जिसके बाद लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएँ देने लगे।
कुछ यूजर्स ने कहा कि बच्चे को मारना बिल्कुल गलत है और दूल्हे को शांत रहकर स्थिति संभालनी चाहिए थी। वहीं कुछ लोगों ने दूल्हे का समर्थन करते हुए कहा कि फोटोशूट की तैयारी में काफी मेहनत और पैसा लगता है, इसलिए बार-बार रुकावट आने से गुस्सा आना स्वाभाविक है। यह वीडियो एक बार फिर याद दिलाता है कि शादी जैसे मौके पर धैर्य और समझदारी दोनों जरूरी होते हैं।