Dangerous Stunt Apartment Balcony : हरियाणा के फरीदाबाद में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर-82 स्थित फ्लोरिडा सोसाइटी में एक महिला ने अपने छोटे बेटे की जान जोखिम में डाल दी। बताया जा रहा है कि महिला के कपड़े आठवीं मंजिल से गिरकर सातवीं मंजिल की बालकनी के शेड पर जा गिरे थे।
कपड़े वापस लाने के लिए महिला ने जो कदम उठाया, उसने सभी को चौंका दिया। पूरी घटना का वीडियो सोसायटी के ही कुछ लोगों ने रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, महिला ने अपने बेटे को साड़ी के सहारे नीचे उतार दिया। आठवीं मंजिल से सातवीं मंजिल तक बच्चे को साड़ी से बांधकर लटकाया गया ताकि वह नीचे गिरे कपड़े उठा सके।
वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा हवा में झूलते हुए कपड़े लेने की कोशिश कर रहा है। कपड़े लेने के बाद उसे फिर ऊपर खींच लिया गया। यह पूरा दृश्य बेहद खतरनाक था और जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था।
ये खबर भी पढ़ें : जयपुर की शादी में स्टेज से दुल्हन का पर्स चोरी, भीड़ के बीच वारदात का वीडियो वायरल
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने मां के इस कदम पर नाराजगी जताई है। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि कुछ कपड़ों के लिए बच्चे की जान को जोखिम में डालना कितना सही है। स्थानीय अपार्टमेंट एसोसिएशन और पुलिस ने भी मामले पर संज्ञान लिया है।
महिला को नोटिस जारी कर भविष्य में ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकत न दोहराने की चेतावनी दी गई है। यह घटना बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है और अभिभावकों को सतर्क रहने की सीख देती है।