Junior Doctors Lawyer Dispute: प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों और हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं के बीच हुए खूनी संघर्ष के बाद स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। एक अनाथ मरीज को इलाज के लिए लाने पर हुए विवाद में डॉक्टरों पर अधिवक्ता के साथ मारपीट करने और गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है।
इस घटना के विरोध में वकीलों ने अस्पताल गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जिसके चलते इमरजेंसी वार्ड का कामकाज ठप हो गया है। दूर-दराज से इलाज कराने पहुंचे गरीब और लाचार मरीज बिना इलाज कराए ही वापस लौटने को मजबूर हैं। प्रदर्शनकारी वकीलों ने आरोपी जूनियर डॉक्टरों के तुरंत निलंबन और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। प्रशासनिक लापरवाही और आए दिन होने वाले इन विवादों के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।