Raipur Kajal Hindustani School Video Viral: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित गुजराती स्कूल में आयोजित एक वर्कशॉप के दौरान कथित तौर पर लगाए गए विवादित नारों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 7 सितंबर को पाटीदार समाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हिंदूवादी नेता काजल हिंदुस्तानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं।
इस वर्कशॉप की थीम छात्राओं को लव जिहाद और धर्मांतरण के प्रति जागरूक करना बताई गई, लेकिन इस दौरान स्कूली बच्चों से 'दुर्गा बन, काली बन, कभी ना बुर्खे वाली बन' जैसे नारे लगवाने का वीडियो सामने आने के बाद भारी विवाद खड़ा हो गया है।
इस मामले के बाद मुस्लिम समुदाय और विभिन्न संगठनों ने देवेंद्र नगर थाने पहुंचकर काजल हिंदुस्तानी तथा आयोजकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है और कार्रवाई न होने पर स्कूल पर ताला जड़ने की चेतावनी दी है। दूसरी ओर, आयोजकों और काजल हिंदुस्तानी ने इसे बच्चियों की सुरक्षा और जागरूकता के लिए उठाया गया कदम बताया है, जिससे इलाके में तनाव और राजनीतिक बहस तेज हो गई है।