जिलाधिकारी ने सभी बूथों पर CCTV चालू रखने के निर्देश
मतपेटिका खोलने और सील करने की प्रक्रिया सावधानी से पूरी करने को कहा
निष्पक्षता और पारदर्शिता से ड्यूटी करने के निर्देश
Varanasi DM Polling Stations Inspection: वाराणसी के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विधान परिषद खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सदर तहसील, राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज और क्षेत्र पंचायत कार्यालय/खंड विकास अधिकारी कार्यालय, विकासखंड अराजीलाइन का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने मतदान से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और मतदाताओं से बातचीत भी की। उन्होंने जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि सभी बूथों पर पूरी मतदान प्रक्रिया के दौरान सीसीटीवी कैमरे संचालित रहें।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मतदान कार्मिकों से निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि मतपेटिका खोलने, मतदान के बाद उसे सील करने और अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं का निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सावधानीपूर्वक पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी पीठासीन अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कमी अथवा विसंगति पाए जाने पर तत्काल संबंधित अधिकारी के संज्ञान में लाकर उसका निराकरण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित मतदान संपन्न कराएं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रखी जाएं तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित निर्वाचन अधिकारी को सूचित कर उसका समाधान कराया जाए। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर मतदान से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।