नमो घाट पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन
मेहमान वाराणसी के बाद प्रयागराज और अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन करेंगे
काशी में सजेगा दक्षिण और उत्तर की संस्कृति, भाषा और ज्ञान का संगम
Grand Inauguration Kashi-Tamil Sangamam 5.0 : काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए काशी-तमिल संगमम का पांचवां संस्करण शनिवार से काशी में शुरू होने जा रहा है। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ शनिवार को नमो घाट पर इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करेंगे।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समापन सत्र में शामिल होंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाला यह संगम 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को बढ़ावा देने और उत्तर व दक्षिण भारत की साझा विरासत, भाषा, साहित्य तथा ज्ञान परंपरा को एक मंच पर लाने का प्रयास करेगा।
इस वर्ष काशी-तमिल संगमम 5.0 की थीम 'तिरुक्कुरल पयिलवोम' यानी 'तिरुक्कुरल का अभ्यास करें' रखी गई है। आयोजन के दौरान तमिल के महान शास्त्रीय ग्रंथ तिरुक्कुरल के ज्ञान और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।
संत कवि तिरुवल्लुवर द्वारा रचित यह कालजयी ग्रंथ नैतिकता, जीवन-मूल्यों और आचरण की शिक्षा देता है। संगमम के तहत देशभर के 1,000 शैक्षणिक संस्थानों के एक-एक विद्यार्थी अपनी-अपनी भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे और इसके ज्ञान को अपने परिसर तक पहुंचाएंगे।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी (बीएचयू) इस आयोजन के प्रमुख शैक्षणिक साझेदार हैं। दोनों संस्थान संगमम के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा उनके संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान तमिलनाडु से आए सात विविध समूह बीएचयू परिसर में आयोजित विशेष शैक्षणिक सत्रों में हिस्सा लेंगे ।
तमिलनाडु से सात समूहों में कुल 1,750 प्रतिनिधियों के आने का प्रस्ताव है। प्रत्येक समूह में 250 सदस्य होंगे। 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक बीएचयू के विभिन्न स्थलों पर आयोजित शैक्षणिक सत्रों में समूहों की विशेषज्ञता और रुचि के अनुसार संवाद, चर्चा और ज्ञान साझा करने की गतिविधियां होंगी।
काशी-तमिल संगमम की थीम को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए तमिलनाडु से हिंदी के जानकार 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे।
वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षक तैनात किए जाएंगे। इस पहल से लगभग 3,000 विद्यार्थियों के लाभान्वित होने की उम्मीद है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कला संकाय के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन इसके संचालन में सहयोग करेंगे।