डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंचा राखड़ लदा ट्रेलर
सामने से आ रहे ट्रक से हुई जोरदार भिड़ंत
एक चालक ने कूदकर बचाई जान
Two Vehicles Catch Fire After Collision: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। लोहरा सबस्टेशन के समीप राखड़ लदे तेज रफ्तार ट्रेलर की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों वाहन धू-धूकर जलने लगे। हादसे के दौरान एक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि दो लोगों की इस दुर्घटना में मौत हो गई।
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, राखड़ लदा ट्रेलर अनपरा की ओर से आ रहा था। इसी दौरान रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोहरा सबस्टेशन के समीप अचानक ट्रेलर अनियंत्रित हो गया।
तेज रफ्तार ट्रेलर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया और वाराणसी की ओर जा रहे सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
कुछ ही देर में आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक वाहन चालक शामिल है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान और अन्य विवरण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। हादसे के दौरान एक चालक के वाहन से कूदकर जान बचाने की बात भी सामने आई है।
इस भीषण दुर्घटना के बाद वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों से सड़क पर पैदा होने वाले खतरे को उजागर कर दिया है।