पिछले मेले के मुकाबले बिजली व्यवस्था में 10 फीसदी वृद्धि की तैयारी
21.19 करोड़ रुपये से बिछेगा बिजली का अस्थायी नेटवर्क
पांच एसडीओ और आठ अवर अभियंताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
Magh Mela 21.19 Crore Electricity Budget: माघ मेला 2027 में श्रद्धालुओं को बेहतर बिजली सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बिजली विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार मेला क्षेत्र में पिछले आयोजन की तुलना में बिजली व्यवस्था को करीब 10 फीसदी बढ़ाने की योजना है। इसके तहत पूरे मेला क्षेत्र में 27,500 एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी।
इसके अलावा 600 सोलर हाइब्रिड लाइट से भी प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। बिजली विभाग ने इसके लिए 21.19 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। करीब 990 हेक्टेयर में बसने वाले मेला क्षेत्र को रोशन करने के साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
मेला क्षेत्र में बिजली आपूर्ति का नेटवर्क तैयार करने के लिए 23,120 विद्युत पोल लगाए जाने की योजना है। इनके माध्यम से शिविरों, पांटून पुलों, स्नान घाटों, संपर्क मार्गों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। विद्युत आपूर्ति को अलग-अलग क्षेत्रों में व्यवस्थित रखने के लिए 67 अस्थायी सबस्टेशन बनाए जाएंगे।
इनमें 400 केवीए क्षमता के 30 और 100 केवीए क्षमता के 37 सबस्टेशन शामिल हैं। इसके साथ ही 15 फीडर और सात आरएमयू (रिंग मेन यूनिट) के माध्यम से बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इससे किसी एक स्थान पर तकनीकी खराबी आने की स्थिति में आपूर्ति व्यवस्था को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
बिजली आपूर्ति के लिए मेला क्षेत्र में 415 सर्किट किलोमीटर हाईटेंशन (एचटी) लाइन और 60 किलोमीटर लो टेंशन (एलटी) लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा 60 किलोमीटर सर्किट लाइन का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए 32 डीजी सेट की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
इनका उपयोग जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक बिजली आपूर्ति के लिए किया जाएगा। खासतौर पर प्रमुख प्रशासनिक स्थलों, आवश्यक सेवाओं और महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में बिजली की उपलब्धता बनाए रखने पर जोर रहेगा। सोलर हाइब्रिड लाइट के इस्तेमाल से पारंपरिक बिजली व्यवस्था पर निर्भरता भी कुछ हद तक कम होगी।
बिजली व्यवस्था को समय से पूरा कराने और मेले के दौरान संचालन की जिम्मेदारी संभालने के लिए विभागीय स्तर पर अधिकारियों की तैनाती की गई है। पांच एसडीओ और आठ अवर अभियंताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इनकी निगरानी में विद्युत लाइन, पोल, सबस्टेशन और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। मेला क्षेत्र में अस्थायी विद्युत नेटवर्क होने के कारण तारों, कनेक्शनों और विद्युत उपकरणों की नियमित जांच भी महत्वपूर्ण होगी। विभाग का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को स्नान पर्वों के दौरान भी निर्बाध बिजली और पर्याप्त रोशनी मिल सके।