28 नवंबर से 12 दिसंबर तक कशी तमिल संगमम का आयोजन होगा सोर्स : सोशल मीडिया
प्रयागराज

संगम नगरी में दिखेगी काशी और तमिल संस्कृति की अनूठी झलक, 1400 मेहमानों का होगा भव्य स्वागत

Prayagraj Kashi Tamil Cultural Event : प्रयागराज में 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक सात समूहों में आएंगे तमिलनाडु के अतिथि, संगम स्नान से लेकर मंदिरों के दर्शन तक का मिलेगा अवसर।

ओमप्रकाश सिंह परिहार, शक्ति सौरभ

Highlights:

  • संगम की आध्यात्मिक विरासत से रूबरू होंगे तमिल मेहमान

  • सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

  • सात समूहों में इनका आगमन, प्रत्येक समूह में लगभग 200 सदस्य

Opportunity Understand North-South Culture: उत्तर और दक्षिण भारत की साझा सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानने का अवसर एक बार फिर मिलने जा रहा है। काशी-तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण के तहत तमिलनाडु से आने वाले करीब 1400 अतिथि प्रयागराज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होंगे।

28 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच सात अलग-अलग समूहों में इनका आगमन होगा। प्रत्येक समूह में लगभग 200 सदस्य शामिल रहेंगे। इस आयोजन के जरिए काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।

इस बार का थीम 'तिरुक्कुरल पयिलोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें'

इस साल काशी-तमिल संगमम् का पांचवां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। इसकी मुख्य थीम 'तिरुक्कुरल पयिलोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है।

इसके माध्यम से तमिल भाषा के महान शास्त्रीय ग्रंथ तिरुक्कुरल में निहित नैतिकता, सदाचार, जीवन मूल्यों और मानवीय व्यवहार की शिक्षाओं को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास है।

तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल में धर्म, अर्थ और प्रेम जैसे जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं का वर्णन मिलता है।

संगम दर्शन से शुरू होगा भ्रमण

प्रयागराज पहुंचने वाले अतिथियों के भ्रमण की शुरुआत संगम दर्शन से होगी। यहां वे गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर स्नान और नौका विहार करेंगे।

इसके बाद लेटे हुए हनुमान जी के दर्शन, श्री आदि शंकर विमान मंडपम मंदिर सहित शहर के अन्य प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।

संगम की आध्यात्मिक महत्ता, धार्मिक परंपराओं और प्रयागराज की ऐतिहासिक पहचान से परिचित कराया जाएगा।

साझा विरासत से जुड़ने का अवसर

काशी-तमिल संगमम् का उद्देश्य केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं है। यह उत्तर और दक्षिण भारत की भाषाओं, साहित्य, ज्ञान परंपराओं, कला, संस्कृति और जीवनशैली के बीच संवाद का मंच भी है।

इसके माध्यम से दोनों क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की सांस्कृतिक विशेषताओं को समझने और साझा विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।

'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना होगी साकार

आयोजन के दौरान तमिल भाषा के जानकार स्वयंसेवकों की सहायता से अतिथियों को संवाद और भ्रमण में सहूलियत मिलेगी। संगम क्षेत्र में सुसज्जित नावों, पेयजल, मोबाइल शौचालय और अन्य सुविधाओं के जरिए अतिथियों के स्वागत को यादगार बनाने की तैयारी है। सुरक्षा, चिकित्सा, यातायात और स्वच्छता की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।

काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक एवं ज्ञान के संबंधों को आगे बढ़ाने वाला यह आयोजन 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को भी साकार करेगा।

Bisleri का पानी ही जांच में फंसा तो लोकल बोतलों का क्या भरोसा? अवैध प्लांट में तैयार हो रहा सेहत का खतरा

गगनयान के अंतरिक्ष यात्रियों ने रूस में ली जीरो-ग्रैविटी ट्रेनिंग, कभी उछले, कभी हवा में तैरे; VIDEO VIRAL

कस्टडी विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी: बच्चे माता-पिता की संपत्ति और खिलौना नहीं, किसके साथ रहना उनकी पसंद

क्या यूपी की सियासी भंवर में फंसी संजय निषाद की नाव? ओम प्रकाश राजभर ने कैसे बढ़ाई टेंशन

Rain Alert: 24-25-26-27-28 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में छाएगा कोहरा