आतंकी उजैद सोर्स-सोशल मीडिया
मेरठ

सेना की चेकपोस्ट को उड़ाने की साजिश, उजैद की मोबाइल चैट से खुला 005 ब्रिगेड आतंकी ग्रुप नेटवर्क का राज

Ujaid Terrorist Mobile Chat: मेरठ से गिरफ्तार आतंकी उजैद ग्रुप के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क था जिनकी साजिश सेना की चेक पोस्ट उड़ाने की थी। युवाओं को जाल में फंसाने की बात भी सामने आई है।

आशीष शुक्ला

Highlights:

  • सेना की चेक पोस्ट उड़ाने की साजिश

  • मेरठ से गिरफ्तार आतंकी उजैद के मोबाइल फोन में मिले हैरान करने वाले सुराग

  • ऑनलाइन युवाओं का ब्रेनवाश करके अपने जाल में फंसाकर आतंकी बनाने की तैयारी

  • जांच एजेंसियों का प्रमुख हिस्सा यह पता लगाना है कि इस नेटवर्क में कितने लोग थे शामिल

Army Checkpost Attack Plot: मेरठ से गिरफ्तार संदिग्ध उजैद के मोबाइल और ऑनलाइन बातचीत से सेना पर आत्मघाती हमले की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में रहकर वह अपने साथियों के साथ सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की योजना तैयार कर रहा था।

उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी उजैद की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों को कई अहम डिजिटल सुराग मिले हैं। उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच में सेना की चेकपोस्ट पर फिदायीन हमला करने की कथित योजना सामने आई है। इस खुलासे ने जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क और युवाओं को ऑनलाइन अपने जाल में फंसाने की कोशिशों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

ऑनलाइन ग्रुप में तैयार हो रही थी हमले की योजना

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उजैद सोशल मीडिया और सेशन ऐप के जरिए पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में बैठे संदिग्ध हैंडलरों के संपर्क में था। उसने 005 ब्रिगेड और ट्यूशन-40 जैसे नामों से ऑनलाइन ग्रुप बनाए थे। इन ग्रुपों में कई संदिग्ध लोग जुड़े हुए थे।

8 नवंबर 2025 की सामने आई कथित चैट में पाकिस्तानी हैंडलर आमिर हमजा ने जम्मू-कश्मीर में सेना की चेकपोस्ट को निशाना बनाने की बात कही थी। बातचीत में मोहम्मद साजिद को विस्फोटक जैकेट पहनकर आत्मघाती हमला करने के लिए तैयार बताया गया। इसी दौरान उजैद ने जैकेट के बारे में सवाल भी किया था। हैंडलर ने जवाब दिया था कि इसकी व्यवस्था कर ली जाएगी।

साजिद की गिरफ्तारी से जुड़ी उजैद तक जांच की कड़ी

इस मामले में नवंबर 2025 में जम्मू-कश्मीर में मोहम्मद साजिद की गिरफ्तारी हुई थी। बताया जाता है कि वह सेना की चेकपोस्ट के आसपास रेकी करने पहुंचा था। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल के दौरान उजैद का नाम सामने आया।

इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं। करीब दस महीने तक फरार रहने के बाद उजैद को मेरठ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब उसके संपर्कों, ऑनलाइन गतिविधियों और कथित नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, मेरठ से गिरफ्तार आतंकी उजैद पर युवाओं और किशोरों को भड़काऊ सामग्री के जरिए प्रभावित करने का भी आरोप है। अब जांच का प्रमुख हिस्सा यह पता लगाना है कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल थे और भारत में हमले की योजना को किस स्तर तक आगे बढ़ाया जा चुका था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

December Bank Holiday 2026: दिसंबर में कब-कब बंद रहेंगे बैंक; यहां देखें छुट्टियों की लिस्ट

दिल्ली दंगा साजिश केस: उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली अंतरिम जमानत

भारत-बांग्लादेश के रिश्तों की अग्निपरीक्षा बनेगी गंगा जल संधि, 30 साल पुरानी डील खत्म होने से पहले बढ़ी हलचल

Explainer: बोतल का पानी कितना खतरनाक है? इसे पीने से कैंसर कैसे हो सकता है

एक क्लिक में तुरंत पढ़ें 25 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें; देश-दुनिया, खेल-मनोरंजन और भी बहुत कुछ है खास