अन्नकूट महोत्सव में RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने संबोधित करते हुए  (सोर्स : नवभारत लाइव)
मथुरा

भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए केवल संस्कृति का बखान नहीं, जीवन में उतारने होंगे आदर्श: दत्तात्रेय होसबाले

Vrindavan Annakoot Festival:पहले वर्षा के लिए इंद्रदेव की पूजा की जाती थी,लेकिन श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने की परंपरा स्थापित की। अन्नकूट उसी परंपरा का प्रतीक है।

मोहन श्याम शर्मा, शक्ति सौरभ

Highlights:

  • वृंदावन के केशवधाम में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन हुआ

  • RSS सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया

  • भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए संस्कृति के आदर्शों को जीवन में उतारने पर जोर दिया

  • प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता और सेवा का संदेश दिया गया

Celebration Govardhan Puja Annakut Festival: धर्मनगरी वृंदावन के केशवधाम में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भारत माता और भगवान श्रीकृष्ण के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, परंपराओं, प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता, सेवा और आत्मनिर्भर समाज निर्माण पर विचार रखे गए।

होसबाले ने अपने संबोधन में कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए केवल अपनी संस्कृति, वेदों और धार्मिक ग्रंथों की महानता का बखान करना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए आवश्यक है कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारा जाए और पूरी दुनिया के सामने अपने आचरण से उदाहरण प्रस्तुत किया जाए। भारत की वास्तविक पहचान उसकी जीवनशैली, चिंतन, व्यवहार और सांस्कृतिक मूल्यों में निहित है।

गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक

गोवर्धन पूजा का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की उस दिव्य लीला का स्मरण कराता है, जब उन्होंने अपनी छोटी उंगली पर गिरिराज गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्रदेव के प्रकोप से बचाया था। इसी प्रसंग से अन्नकूट महोत्सव की परंपरा जुड़ी हुई है। केशवधाम में आयोजित कार्यक्रम में इस धार्मिक परंपरा के माध्यम से प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा के माध्यम से प्रकृति के महत्व और उसके प्रति कृतज्ञता का भाव समझाया था। पहले वर्षा के लिए इंद्रदेव की पूजा की जाती थी, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने की परंपरा स्थापित की। आज भी अन्नकूट महोत्सव उसी विचार और परंपरा का प्रतीक है।

भारतीय संस्कृति का प्रभाव दुनिया के अनेक देशों में

कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा गया कि दीपावली का पर्व अब केवल भारत तक सीमित नहीं है। धनतेरस से भाई दूज तक मनाए जाने वाले इस उत्सव को दुनिया के अनेक देशों में रहने वाले भारतीय पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं। त्रिनिदाद जैसे देशों में दीपावली के बड़े आयोजन होते हैं, जिनमें हजारों लोग भाग लेते हैं। अमेरिका के कई राज्यों में भी दीपावली को विशेष मान्यता मिली है।

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि भारतीय संस्कृति, योग, भगवद्गीता, रामायण और महाभारत का ज्ञान आज विश्वभर के लोगों को जीवन की दिशा देने का काम कर रहा है। जब दुनिया के अनेक हिस्सों में अशांति, पारिवारिक विघटन और आपसी द्वेष जैसी परिस्थितियां दिखाई दे रही हैं, ऐसे समय में भारत अपनी संस्कृति और जीवन मूल्यों के माध्यम से मानवता को नई दिशा दे सकता है।

विश्वगुरु बनने के लिए प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं

उन्होंने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए किसी अंतरराष्ट्रीय संस्था या संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है। भारत की हजारों वर्षों की परंपरा, जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत ही उसकी वास्तविक पहचान है। देश के साधु-संतों, फकीरों और महापुरुषों ने बिना किसी भौतिक संपत्ति के दुनिया के विभिन्न हिस्सों में भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का संदेश पहुंचाया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल वेद, गीता और रामायण का उल्लेख करने से भारत की महानता सिद्ध नहीं होगी। इन ग्रंथों में बताए गए आदर्शों को अपने व्यवहार और जीवन में अपनाना होगा। जब हम स्वयं उन मूल्यों के अनुरूप जीवन जिएंगे, तभी दुनिया के सामने भारत की संस्कृति का वास्तविक स्वरूप प्रस्तुत कर सकेंगे।

सामाजिक समरसता और सेवा से मजबूत होगा समाज

कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और संगठन की शक्ति पर भी विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संदेश है कि प्रत्येक जीव में परमात्मा का अंश विद्यमान है। जब सभी के भीतर परमात्मा का वास है, तो समाज में ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

समाज को संगठित होकर कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए। सेवा केवल अनुकंपा का विषय नहीं, बल्कि संवेदना का भाव है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को इतना सक्षम बनाना होना चाहिए कि वे स्वयं आत्मनिर्भर होकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकें।

गोवर्धन लीला में छिपा है संगठन और सामूहिक प्रयास का संदेश

वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन पर्वत उठाने की लीला में सामूहिक प्रयास और संगठन की शक्ति का भी संदेश छिपा है। जब ब्रजवासियों ने एकजुट होकर भगवान श्रीकृष्ण का साथ दिया, तब सामूहिक शक्ति का स्वरूप सामने आया। इसी तरह आज भी संगठित समाज बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना कर सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत को केवल आर्थिक रूप से संपन्न और वैभवशाली राष्ट्र बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसा समाज तैयार करना भी जरूरी है, जो धर्म, शील, चरित्र, सेवा और संवेदना के मूल्यों पर आधारित हो। कला, संगीत, नृत्य और नाटक जैसे जीवन के विभिन्न आयामों का आनंद लेते हुए भी संस्कारों और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन जिया जा सकता है। दुनिया को भारत की इसी जीवनशैली का उदाहरण दिखाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बीजेपी और आरएसएस से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

प्रणब और चिदंबरम के बीच थे गंभीर मतभेद..., सोनिया गांधी की किताब में कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर बड़ा खुलासा

क्या प्रणब मुखर्जी बनना चाहते थे प्रधानमंत्री? सोनिया गांधी की किताब में बड़ा खुलासा

दिल्ली में छठ पूजा को लेकर बड़ा ऐलान, इस दिन बंद रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर और पीएसयू; जानें पूरी डिटेल

दिल्ली प्रदूषण पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का विवादित बयान, बोले- दिवाली हो या प्रदूषण, दोनों मानव जनित रोग

यूपी-बिहार में सियासी शादियों का सीजन! जानिए सांसद प्रिया सरोज, मंत्री संदीप सिंह तक शादी से जुड़ी खास बातें