Mathura Furniture Showroom Fire: थाना कोतवाली क्षेत्र के बीएसए रोड स्थित पांडे फर्नीचर शोरूम में सोमवार शाम करीब सात बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। शोरूम के अंदर रखा फर्नीचर और अन्य सामान धू-धूकर जलने लगा। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद शोरूम में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन फर्नीचर और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कर्मचारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद दमकल की करीब चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
शोरूम कर्मचारियों ने दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ियां करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंचीं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, तब तक आग शोरूम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी और काफी मात्रा में फर्नीचर व अन्य सामान जलकर खाक हो गया था।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग के कारण शोरूम में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट होने की बात सामने आ रही है।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। साथ ही शोरूम संचालक द्वारा हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग की इस घटना ने एक बार फिर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपात स्थिति में दमकल की त्वरित पहुंच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।