सचिन शर्मा और उसकी कार जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया (सोर्स- नवभारत लाइव)
मथुरा

ED में नहीं हुआ सिलेक्शन तो बन बैठा फर्जी अफसर, मथुरा में नीली बत्ती लगाकर पहुंचा CO ऑफिस

Mathura Fake ED Officer: मथुरा में युवक खुद को ED अधिकारी बताकर निजी कार पर नीली बत्ती लगाकर दो साल से रौब जमा रहा था। CO कार्यालय में पहचान का प्रमाण मांगने पर उसकी पोल खुल गई

मोहन श्याम शर्मा, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • मथुरा में ED अधिकारी बताकर दो साल तक रौब जमाता रहा आरोपी

  • निजी गाड़ी पर नीली बत्ती लगाकर CO ऑफिस पहुंचा

  • पूछताछ में ED की तैयारी और चयन नहीं होने की बात स्वीकार की

Fake ED Officer Arrest: मथुरा में खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच रौब जमाने वाले एक युवक का मामला सामने आया है। निजी गाड़ी पर नीली बत्ती लगाकर चलने वाला यह युवक कथित तौर पर पिछले दो साल से ईडी अधिकारी होने का दावा कर अपनी धाक जमा रहा था।

सोमवार दोपहर जब वह अपनी निजी गाड़ी पर नीली बत्ती लगाकर रिफाइनरी क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण तिवारी के कार्यालय पहुंचा तो उसकी कथित फर्जी पहचान की पोल खुल गई। सीओ ने उससे ईडी अधिकारी होने का प्रमाण मांगा तो वह घबरा गया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह ईडी में अधिकारी बनना चाहता था और इसके लिए कोचिंग भी की थी, लेकिन उसका चयन नहीं हो सका।

एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, दीनदयाल धाम के नगला बर निवासी सचिन शर्मा खुद को ईडी का अधिकारी बताकर लोगों और अधिकारियों के बीच रौब जमाता था। वह अपनी निजी गाड़ी पर नीली बत्ती लगाकर चलता था। उसके संबंध में पहले भी कई शिकायतें सामने आई थीं, जिनकी जांच की जा रही थी।

ईडी अधिकारी बनने का था सपना

पूछताछ के दौरान सचिन शर्मा घबरा गया और रोने लगा। बताया जाता है कि कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने ईडी में अधिकारी बनने के लिए कोचिंग की थी, लेकिन परीक्षा में उसका नंबर नहीं आया। ईडी अधिकारी बनने का सपना पूरा नहीं होने के बावजूद वह खुद को अधिकारी बताकर घूमने लगा। निजी गाड़ी पर नीली बत्ती लगाकर चलने और अधिकारियों के बीच अपनी पहचान का रौब दिखाने के मामले ने पुलिस महकमे में भी हलचल पैदा कर दी है।

बताया जा रहा है कि सचिन शर्मा की कथित गतिविधियों को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। ऐसे में अब पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि वह पिछले दो साल में किन-किन लोगों और अधिकारियों के संपर्क में रहा और क्या उसने अपनी कथित फर्जी पहचान का इस्तेमाल किसी सरकारी काम को प्रभावित करने या अनुचित लाभ लेने के लिए भी किया था।

परिवार में भी फर्जी दस्तावेजों से नौकरी का मामला

इस प्रकरण में युवक के परिवार से जुड़ा एक पुराना मामला भी चर्चा में आया है। जानकारी के मुताबिक, सचिन शर्मा के चाचा मुकेश शर्मा पर अपने साले जगदीश शर्मा पुत्र बनवारी लाल शर्मा निवासी पथोली के नाम और दस्तावेजों के आधार पर शिक्षा विभाग में नौकरी हासिल करने का आरोप लगा था।

बताया जाता है कि जगदीश शर्मा की साल 1990 में मौत हो गई थी। इसके बाद साल 1994 में मुकेश शर्मा ने कथित तौर पर उनके नाम से संबंधित दस्तावेजों के आधार पर नौकरी शुरू कर दी। मामला उजागर होने के बाद साल 2018 में तत्कालीन बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए), आगरा ने मुकेश शर्मा को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। इस मामले को लेकर न्यायालय में कानूनी कार्रवाई चलने की जानकारी भी सामने आई है।

वहीं, सचिन शर्मा के पिता को लेकर भी बताया गया है कि वह अपनी निजी टैक्सी गाड़ी में फर्जी दरोगा की टोपी रखकर चलते हैं। हालांकि इस संबंध में स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित पक्ष का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।

दो साल तक कैसे घूमता रहा नीली बत्ती लगाकर?

इस पूरे मामले ने मथुरा पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक युवक कथित तौर पर दो वर्षों तक निजी गाड़ी पर नीली बत्ती लगाकर खुद को केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी का अधिकारी बताता रहा और इसकी भनक संबंधित विभागों को समय रहते क्यों नहीं लगी? क्या उसने अपनी फर्जी पहचान के जरिए अन्य लोगों को भी प्रभावित किया था? क्या उसके खिलाफ पहले मिली शिकायतों पर कोई कार्रवाई हुई थी?

उत्तर भारत में जल्द पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, पश्चिमी विक्षोभ से कई राज्यों के मौसम में हो रहा बड़ा उलटफेर

3300 नए जांबाज होंगे नौसेना में शामिल, 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की सबसे बड़ी पासिंग आउट परेड

BJP सांसद निशिकांत ने राहुल से पूछा चीन से जुड़े दो बड़े सवाल, 200 लोगों के नाम-पते सार्वजनिक करने की मांग

School Holiday: नवंबर में कहीं 21 दिन तो कहीं 11 दिन तक स्कूल बंद, जानें छुट्टियों का पूरा शेड्यूल

अंतिम संस्कार के लिए हजारीबाग से वाराणसी जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, भीषण टक्कर में 7 की मौत,14 घायल