जांच करती मथुरा पुलिस (सोर्स- फोटो नवभारत)
मथुरा

Mathura: ज्वैलर्स के घर करोड़ों की चोरी से मचा हड़कंप, 10 किलो सोना और 15 लाख कैश ले उड़ा चोर, देखें वीडियो

Kosi Kalan Crime News: मथुरा के कोसीकलां में ज्वैलर्स के घर करोड़ों रुपये की चोरी से हड़कंप मच गया। चोर 10 किलो सोना और 15 लाख रुपये नकद ले गए। पुलिस ने 10 टीमें गठित कर मामलें की जांच तेज कर दी है।

मोहन श्याम शर्मा, स्निग्धा श्रीवास्तव

Kosi Kalan Jeweller House Theft: मथुरा के कोसीकलां में ज्वैलर्स के मकान में हुई करोड़ों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। 13 और 14 सितंबर की दरमियानी रात चोरों ने ज्वैलर्स के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 किलो सोना और 15 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली और फरार हो गए। चोरी की इतनी बड़ी वारदात सामने आने के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी आगरा रेंज शैलेश पांडेय और एसएसपी मथुरा ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का स्थलीय और भौतिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मकान के अंदर और आसपास के इलाके का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही पीड़ित परिवार से बातचीत कर वारदात के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को जल्द घटना का खुलासा करने और चोरी गया माल बरामद करने का भरोसा दिया है।

CCTV में कैद हुआ चोरी करने वाला संदिग्ध

इधर, करोड़ों की चोरी की इस वारदात से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है। संदिग्ध ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा है और उसकी पीठ पर एक बैग टंगा हुआ नजर आ रहा है। CCTV फुटेज में वह चोरी के बाद मकान से निकलता हुआ दिखाई दे रहा है।

पुलिस अब CCTV फुटेज को अहम सुराग मानकर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध के आने-जाने के रास्ते और उसके साथियों के बारे में जानकारी मिल सके।

खुलासे के लिए 10 पुलिस टीमों का गठन

चोरी में सोने और नकदी की भारी मात्रा को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। एसएसपी मथुरा ने घटना के खुलासे के लिए 10 अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही हैं।

इसके अलावा पुलिस द्वारा घटना से पहले और बाद में इलाके में सक्रिय रहे संदिग्ध लोगों और वाहनों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात को अकेले चोर ने अंजाम दिया या उसके पीछे कोई संगठित गिरोह शामिल है।

तकनीकी साक्ष्यों पर भी फोकस

पुलिस की तकनीकी टीमें भी मामले की जांच में जुटी हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। वहीं तकनीकी सर्विलांस के जरिए भी संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

करोड़ों रुपये की इस बड़ी चोरी ने कोसीकलां पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस का पूरा फोकस आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गए सोने तथा नकदी की बरामदगी पर है।

फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का सफल अनावरण करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए माल की अधिकतम संभव बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।

सीईओ के चयन पर श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट की सफाई, 11 अगस्त को इंटरव्यू में शामिल हुए थे जितेंद्र मिश्र

यूसीसी लागू करने के बयान पर चिराग पासवान का रिएक्शन, अमित शाह के बयान पर कहा- ड्राफ्ट सार्वजनिक हो

बिना कागज दिखाए उड़ गए इटली के तीन यात्री, गृह मंत्रालय ने बुलाई बैठक; IB चीफ भी होंगे मौजूद

UPI New Rule 2026: ₹2,000 तक के UPI और RuPay पेमेंट पर नहीं लगेगा कोई चार्ज, सरकार का नोटिफिकेशन जारी

हिंदी दिवस पर SC की नई पहल, जल्द लॉन्च होगा जन सूचना पोर्टल; हिंदी ऑडियो और वीडियो के जरिए जान सकेंगे फैसला