यूपी पीसीएस 2025 रिजल्ट का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बुरी खबर है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने UPPCS-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट कर दिया है। साथ ही नई मेरिट लिस्ट जारी करने के आदेश दिए हैं। संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया भी दोबारा होगी।
इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से बड़ा फैलसा सुनाते हुए यूपी पीसीएस रिजल्ट रद्द करते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को पुन: मेरिट सूची तैयार करने का आदेश दिया है। इसके कारण उम्मीदवारों के मेंस और इंटरव्यू पर भी असर पड़ेगा।
अभ्यर्थियों के अधिवक्ता के अनुसार, प्रीलिम्स की परीक्षा फिर से नहीं कराई जाएगी बल्कि उसी परीक्षा के आधार पर नए सिरे से मेरिट तैयार की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर ओपन कैटेगरी में शामिल किया जाएगा।
ये मामला आरक्षित वर्ग के उन अभ्यर्थियों से जुड़ा हुआ है जिन्होंने अपने अंक अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों से अधिक होने का तर्क दिया था। इसके बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में जगह नहीं दी गई जिसके चलते वे मेंस देने से वंचित रह गए।
हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अभ्यर्थियों ने दलील दी थी कि ओपन कैटेगरी किसी खास वर्ग के लिए आरक्षित नहीं होती बल्कि इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर ही चयन का अवसर मिलता है। ऐसे में आरक्षित वर्ग के जिन अभ्यर्थियों के अंक सामान्य श्रेणी के कटऑफ से ज्यादा हैं, उन्हें ओपन कैटेगरी में सम्मिलित किया जाना चाहिए।
बता दें कि इस मामले पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 28 सितंबर को अपना फैसला सुरक्षित रखा था। इसी दिन यूपीपीसीएस 2025 के इंटरव्यू शुरू हुए थे। उस वक्त तो कोर्ट ने इंटरव्यू जारी रखने की स्वीकृति दी थी लेकिन आयोग को अंतिम परिणाम घोषित नहीं करने का भी निर्देश दिया था। अब 27 नवंबर को हाईकोर्ट ने अपना आदेश सुनाते हुए प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट रद्द कर दिया।