अखिलेश यादव-उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक (सोर्स- सोशल मीडिया)
लखनऊ

लखनऊ खंड में स्नातक सीट पर 38.72% और शिक्षक सीट पर 55.76% वोटिंग, जानें उत्तर प्रदेश के जिलेवार आंकड़े

UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों पर मतदान संपन्न हो गया है। लखनऊ खंड की स्नातक सीट पर 38.72% और शिक्षक सीट पर 55.76% मतदान हुआ। अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

स्निग्धा श्रीवास्तव

Highlights:

  • यूपी MLC चुनाव 11 सीटों पर मतदान खत्म

  • लखनऊ में स्नातक से ज्यादा शिक्षक सीट पर वोटिंग

  • अखिलेश और बृजेश पाठक के बयानों से सियासत गरम

UP Graduate MLC Election: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे तक चला। वोटिंग खत्म होने के बाद अब सभी की नजरें 27 अक्टूबर को आने वाले चुनाव नतीजों पर टिकी हैं।

लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के आंकड़ों में अंतर देखने को मिला। सात जिलों में स्नातक सीट पर औसतन 38.72 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 55.76 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मतदान के बाद लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात कही। दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भाजपा की प्रचंड जीत का दावा करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।

लखनऊ खंड में शिक्षक सीट पर ज्यादा मतदान

लखनऊ खंड की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों पर मतदान के दौरान दोनों के बीच वोटिंग प्रतिशत का अंतर साफ नजर आया। सात जिलों के आंकड़ों के मुताबिक, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में औसतन 38.72 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 55.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

स्नातक सीट पर खीरी में सबसे ज्यादा 44.32 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में रायबरेली 63.14 प्रतिशत मतदान के साथ पहले स्थान पर रहा। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में प्रतापगढ़ में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया।

लखनऊ में औसत से कम रही वोटिंग

राजधानी लखनऊ में स्नातक और शिक्षक, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत मंडल के औसत से कम रहा। स्नातक सीट पर 34.51 प्रतिशत और शिक्षक सीट पर 43.72 प्रतिशत मतदान हुआ। यानी लखनऊ में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मुकाबले स्नातक सीट पर 9.21 प्रतिशत अंक कम मतदान दर्ज किया गया।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कहां कितना मतदान?

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान प्रतिशत में खीरी सबसे आगे रहा।

खीरी: 44.32 प्रतिशत

सीतापुर: 41.04 प्रतिशत

रायबरेली: 40.23 प्रतिशत

बाराबंकी: 40.03 प्रतिशत

हरदोई: 39.65 प्रतिशत

लखनऊ: 34.51 प्रतिशत

प्रतापगढ़: 31.24 प्रतिशत

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में रायबरेली आगे

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में रायबरेली में सबसे ज्यादा मतदान दर्ज किया गया। यहां 63.14 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।

रायबरेली: 63.14 प्रतिशत

खीरी: 62.89 प्रतिशत

सीतापुर: 57.87 प्रतिशत

बाराबंकी: 56.37 प्रतिशत

हरदोई: 52.21 प्रतिशत

प्रतापगढ़: 49.12 प्रतिशत

लखनऊ: 43.72 प्रतिशत

अखिलेश यादव बोले- एक वोट से बचेगा लोकतंत्र और संविधान

एमएलसी चुनाव में मतदान के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सैफई में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि एक वोट से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा होगी। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को वोट चोरी के लिए विश्वविद्यालय खोल लेना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने का लक्ष्य दोहराया।

बृजेश पाठक ने भाजपा की जीत का किया दावा

मतदान संपन्न होने के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भाजपा की प्रचंड जीत का दावा किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। बृजेश पाठक ने सपा को निशाने पर लेते हुए भाजपा की जीत को लेकर भरोसा जताया।

अब नतीजों पर टिकी नजरें

उत्तर प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों पर मतदान पूरा होने के बाद चुनावी प्रक्रिया का अगला अहम पड़ाव मतगणना और परिणाम हैं।

Reporter By- Ishank Dixit

नेहा बोरा की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट ने की खारिज, भरना पड़ेगा पीस बॉन्ड

बिहार के सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत; कई घायल

LAC पर भारत-चीन के बीच क्या बातचीत चल रही है? विदेश मंत्रालय के बयान का पूरा मतलब समझिए

MLC Election 2026 LIVE: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

रुला रहा अलनीनो: दलहन-गुड़-शक्कर के भाव आसमान पर, एथनॉल उत्पादन पर लग सकती है रोक!