संभल में सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
गंगा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को कार गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राले में घुसी
महिला का इलाज कराने के लिए जा रहे थे दिल्ली
Sambhal Accident Three Family Member Death: संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतकों में महिला का पति, 11 साल का इकलौता बेटा और भाई शामिल हैं। चारों आजमगढ़ से कार बुक करके इलाज के लिए दिल्ली जा रहे थे।
बहजोई थाना क्षेत्र में उनकी वैगनआर कार गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राले में पीछे से घुस गई। हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तीनों लोग कार में फंस गए, जबकि ड्राइवर मौके से भाग गया।
गंगा एक्सप्रेस-वे पर राहगीरों ने सूचना देकर यूपी पुलिस को बुलाया, इसे बाद घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। महिला के पास मिले मोबाइल फोन से मृतकों की पहचान हुई।
मृतकों की पहचान आजमगढ़ निवासी अजय कुमार (40), उनके बेटे पीयूष (11) और शैलेश कुमारी के भाई राजकुमार (30) के रूप में हुई है। हादसे में शैलेश कुमारी (38) गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, घायल शैलेश को बच्चेदानी से जुड़ी समस्या है और दिल्ली में उसका इलाज चल रहा है। शुक्रवार दोपहर 3 बजे वह पति, बेटे और भाई के साथ कार बुक करके दिल्ली के लिए निकली थी। हादसे के वक्त सभी सो रहे थे, इसलिए उन्हें पता नहीं चला। ड्राइवर की जानकारी उनके पति के पास थी।
उन्होंने बताया कि उनके पति अजय कुमार राजमिस्त्री थे और पानी की बड़ी टंकियां बनाने का काम करते थे। उनका इकलौता बेटा पीयूष था, जबकि भाई राजकुमार कंप्यूटर का कारोबार करता था।
संभल के बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि कार में शराब की बोतल मिली है। कार का ड्राइवर साइड वाला हिस्सा सुरक्षित रहा। महिला ड्राइवर के पीछे वाली सीट पर बैठी थीं। पुलिस ड्राइवर के नशे में होने और नींद की झपकी आने, दोनों पहलुओं से हादसे की जांच कर रही है।