Neighbour Statement Shiva Sharma Death Case: लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी श्रद्धा दुबे के पड़ोसी अजय राय ने उनके रहन-सहन और व्यवहार को लेकर कई बातें बताईं। अजय राय ने बताया श्रद्धा दुबे की सुबह रात 11 बजे होती थी, जबकि उनकी रात सुबह करीब 4 बजे हो जाती थी।
अजय राय ने बताया कि जब उन्होंने फर्स्ट फ्लोर पर अपने फ्लैट के बाहर कैमरे लगवाए, तो श्रद्धा दुबे ने इसका विरोध किया था। इस दौरान विवाद भी हुआ था। हालांकि, उन्होंने विवाद से दूरी बनाए रखी। उन्होंने बताया श्रद्धा का स्वभाव सामान्य तौर पर सौम्य नहीं था और वह छोटी-छोटी बातों पर किसी से भी उलझ जाती थीं।
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में लगातार नए वीडियो सामने आने के दावे किए जा रहे हैं। कई दिनों तक फरार रहने के बाद यूपी पुलिस ने नागपुर से मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर को गिरफ्तार किया था। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। इसी बीच, मामले से जुड़े दो CCTV फुटेज चर्चा में हैं।
पहला CCTV फुटेज: श्रद्धा दुबे से जुड़ा एक CCTV फुटेज सामने आने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसमें श्रद्धा दुबे देर रात पार्टी से लौटती दिखाई दे रही हैं।
दूसरा CCTV फुटेज: दूसरे CCTV फुटेज में कथित तौर पर शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में शिवा शर्मा सीढ़ियों से नीचे उतरते हुए श्रद्धा दुबे का हाथ पकड़े दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह फुटेज शिवा शर्मा की मौत से पहले का है।
पड़ोसी के बयान और सामने आ रहे CCTV फुटेज से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तरफ पड़ोसी अजय राय ने श्रद्धा दुबे के रहन-सहन, व्यवहार और CCTV कैमरे लगाने पर उनकी आपत्ति का जिक्र किया है, तो दूसरी तरफ वायरल हो रहे वीडियो में श्रद्धा दुबे की गतिविधियों और शिवा शर्मा के साथ उनकी मौजूदगी के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, इन बयानों और वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शिवा शर्मा की मौत के मामले में असल घटनाक्रम क्या था, यह पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा।
रिपोर्ट- इशांक दीक्षित