यूपी एसटीएफ ने नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी
लखनऊ में फिनायल और नमक से बना रहे थे नकली ऑक्सीटोसिन
दो आरोपी गिरफ्तार व 2 करोड़ रुपये का माल बरामद
STF Raid in Dubagga Lucknow: लखनऊ में यूपी एसटीएफ ने नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इसके साथ ही पुलिस को मौके से करीब 2 करोड़ रुपये का माल बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी फिनायल, नमक और संदिग्ध पाउडर का इस्तेमाल कर नकली ऑक्सीटोसिन तैयार कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना के बाद दुबग्गा इलाके में एसटीएफ ने छापेमारी की। इस दौरान मौके से करीब 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन बरामद हुआ। इसके अलावा 8 हजार खाली बोतलें और 48 हजार ढक्कन भी मिले हैं।
जांच टीम को फिनायल के 5-5 लीटर वाले केन, टाटा नमक के 36 पैकेट और संदिग्ध ऑक्सीटोसिन पाउडर भी मिला है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी इन सामग्रियों का इस्तेमाल नकली दवा तैयार करने में कर रहे थे। यूपी एसटीएफ ने मौके से बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली ऑक्सीटोसिन की सप्लाई किन-किन जगहों पर की जा रही थी। एसटीएफ आरोपियों से पूछताछ कर इस कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नकली दवा कब से तैयार की जा रही थी और इसके कितने खरीदार हैं।
ऑक्सीटोसिन एक हार्मोन है, जो शरीर में प्राकृतिक रूप से बनता है। इसे दवा के रूप में इंजेक्शन के जरिए भी दिया जाता है। अस्पतालों में इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से प्रसव के दौरान गर्भाशय में संकुचन कराने और प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव रोकने के लिए किया जाता है।
ऐसे में नकली ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल मरीजों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। फिलहाल यूपी पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।