चित्रकूट में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 तीर्थयात्रियों की मौत
ट्रैक्टर-ट्रॉली की कपलिंग पिन टूटने से हुआ हादसा
हादसे में 12 लोग गंभीर रूप से घायल
Tractor Trolley Accident: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में सोमवार तड़के श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में छह साल के बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा मऊ तहसील के रामनगर कस्बे के पास पावर हाउस के नजदीक रात करीब 2:30 बजे हुई। यह इलाका रायपुरा थाना क्षेत्र में आता है।
हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाली कपलिंग पिन (हुक) अचानक टूट गई। इससे ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गई। उसमें सवार यात्री ट्रॉली के नीचे दब गए।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के मुताबिक, श्रद्धालु चित्रकूट के धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। बताया गया कि सभी लोग धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने और दीपदान करने के लिए चित्रकूट आए थे। हादसे के समय वे प्रयागराज वापस जा रहे थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही यूपी-112, रायपुरा पुलिस और मेले की ड्यूटी में तैनात अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रॉली के नीचे फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
घायलों में से सात लोगों को पहले रामनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों में छह साल का एक बच्चा भी शामिल है। घायल 12 लोगों का इलाज कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद चित्रकूट पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। फिलहाल हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।