आकाश आनंद का जोरदार स्‍वागत हुआ  (सोर्स- सोशल मीड‍िया)
कानपुर

सोने की पगड़ी, चांदी का मुकुट...मायावती के अंदाज में दिखे आकाश आनंद, कानपुर में पहला प्रत्‍याशी घ‍ोष‍ित क‍िया

Akash Anand Kanpur Rally: कानपुर में आकाश आनंद ने रविवार को जनसभा की। जहां वे बुआ मायावती के अंदाज में नजर आए। मंच पर पहुंचते ही नेताओं ने 101 किलो की फूलों की माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।

अभिनव श्रीवास्तव, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • कानपुर में बुआ मायावती के अंदाज में नजर आकाश आनंद

  • 101 किलो की फूलों की माला पहनाकर स्वागत क‍िया गया

  • बिल्हौर विधानसभा सीट से अवधेश कोरी को प्रत्याशी घोषित किया

UP Election BSP Bilhaur Candidate: कानपुर में बहुजन समाज पार्टी के नेता आकाश आनंद ने रविवार को जनसभा की। जहां वे बुआ मायावती के अंदाज में नजर आए। मंच पर पहुंचते ही नेताओं ने 101 किलो की फूलों की माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।

साथ ही सोने की जड़ी पगड़ी ,चांदी का मुकुट पहनाया गया। वहीं मंच पर सिर्फ एक सोफा रखा गया जो आकाश आनंद के लिए था। बाकी नेताओं के लिए कुर्सियां लगाई गई थी। आकाश आनंद ने स्वागत के बाद जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।

आकाश आनंद ने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा। आकाश आनंद ने लोगों से अपील की कि चुनाव के दौरान कई नेता उन्हें लुभाने आएंगे, लेकिन वोट डालने से पहले किसी के बहकावे में न आएं। इसी जनसभा में उन्होंने बिल्हौर विधानसभा सीट से अवधेश कोरी को प्रत्याशी घोषित किया।

आनंद बोले- बस्तियों की स्थिति आज भी नहीं सुधरी

आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव के समय कोई मठ से आएगा, कोई गुजरात से और कोई सैफई से आएगा। ऐसे में प्रदेश के लोगों को भ्रमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है और इसे सिर्फ मायावती जैसी नेता ही ठीक कर सकती हैं।

उन्होंने मायावती के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों ने देखा है कि एक मजदूर की बेटी किस तरह सत्ता तक पहुंची और अधिकारियों पर लगाम कसी। आकाश आनंद ने कहा कि मजदूरों ने कानपुर बनाया, लेकिन उनकी बस्तियों की स्थिति आज भी नहीं सुधरी। मिलें बंद हो गईं, लेकिन किसी सरकार ने उन्हें दोबारा शुरू कराने का काम नहीं किया।

सरकार पर भ्रष्टाचार और रोजगार को लेकर निशाना

आकाश आनंद ने कहा कि अब सरकार से हिसाब मांगने का वक्त आ गया है। सरकार विज्ञापनों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही। उन्होंने महिला अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि सड़क का लोकार्पण होने के तुरंत बाद ही वह टूटने लगती है और प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है।

बिल्हौर विधानसभा को ही क्यों चुना?

कानपुर को लखनऊ के बाद उत्तर प्रदेश का एक बड़ा राजनीतिक केंद्र माना जाता है। आकाश आनंद ने अपनी जनसभा के लिए कानपुर की बिल्हौर विधानसभा सीट को चुना। यह कानपुर नगर की 10 विधानसभा सीटों में से एक है और अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।

इस सीट पर अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाता अहम भूमिका निभाते हैं। यहां जाटव और कोरी समुदाय के मतदाताओं की संख्या प्रमुख मानी जाती है। एक आकलन के मुताबिक, बिल्हौर में करीब 63 हजार जाटव और 29 हजार कोरी मतदाता हैं।

बिल्हौर सीट पर 2007 में बसपा के कमलेश चंद्र दिवाकर चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उस समय प्रदेश में मायावती की सरकार थी। 2012 में समाजवादी पार्टी ने यह सीट बसपा से छीन ली। सपा की अरुणा कोरी विधायक बनीं और बसपा के कमलेश चंद्र दिवाकर 16,057 वोटों से हार गए।

इसके बाद 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की। 2017 में पहली बार बिल्हौर सीट भाजपा के खाते में गई थी।

ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आकाश आनंद की इस सीट पर जनसभा को बसपा की राजनीतिक तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि बिल्हौर के जरिए वह आसपास की आरक्षित सीटों पर भी अपनी पकड़ मजबूत कर सकेगी। फिलहाल कानपुर नगर की 10 विधानसभा सीटों में बसपा का एक भी विधायक नहीं है।

अवधेश कोरी को बनाया प्रत्याशी

आकाश आनंद ने शिवराजपुर स्थित राम सहाय इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा के दौरान बिल्हौर विधानसभा सीट से अवधेश कोरी के नाम की घोषणा की। इससे पहले अवधेश कोरी इस सीट पर बसपा के विधानसभा प्रभारी थे। वह पूर्व जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके हैं।

बिल्हौर में कोरी मतदाताओं की संख्या को देखते हुए बसपा ने अवधेश कोरी पर भरोसा जताया है। पार्टी का मानना है कि उनकी उम्मीदवारी से दूसरे दलों के चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।

Delimitation Bill Live: स्टालिन से मिले राहुल गांधी, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; अब पवार को मनाएंगे

India Bloc Sharad Pawar Meeting in Mumbai LIVE: स्टालिन के बाद शरद पवार को मनाने पहुंचेंगे राहुल गांधी

15 दिसंबर के बाद NDA में होंगे शरद पवार! शिंदे गुट के नेता बच्चू कडू का बड़ा दावा

स्टालिन से मिले इंडिया ब्लॉक के नेता, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; राहुल बोले परिसीमन तमिलनाडु के खिलाफ

शरद पवार की राष्ट्रवादी पर भाजपा की नजर? महाजन बोले- राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं