Highlights:
अक्षरा देवी मंदिर में जवारे चढ़ाने जा रहे थे श्रद्धालु
महिलाओं और बच्चों में मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
सीएचसी कोंच में चल रहा घायलों का इलाज
Jalaun Tractor Trolley Accident: जालौन में जवारे चढ़ाने मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई, नदीगांव थाना क्षेत्र में सदुपुरा और कनासी गांव के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 20 श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच पहुंचाया। इनमें से चार घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कैलिया खुर्द गांव निवासी ग्याप्रसाद जाटव के यहां नौ दिनों तक जवारे की पूजा-अर्चना की गई थी। सोमवार को नवमी के अवसर पर परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और अन्य श्रद्धालु जवारे चढ़ाने के लिए कोटरा स्थित अक्षरा देवी मंदिर जा रहे थे।
सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे। इसी दौरान सदुपुरा-कनासी मार्ग पर खैराई और कनासी गांव के बीच ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार श्रद्धालु नीचे गिर पड़े और कई लोग उसके नीचे या आसपास फंसकर घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दुर्घटना में शारदा, अन्नू, पूजा, इंदल सिंह, दीपराज, लवलेश, अनुष्का, मालती, हर्षित, अलका, मुस्कान, पूनम, सुमित और प्रगति समेत करीब 20 श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम अभिनव कुमार, सीओ परमेश्वर प्रसाद और नदीगांव थानाध्यक्ष राजकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पीआरवी और नदीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई, घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सीएचसी कोंच भिजवाया गया,
अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली कैलिया खुर्द से श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थी, तभी सदुपुरा और कनासी के बीच अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इनमें से चार लोगों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।