शिक्षक MLC चुनाव के लिए मतदान (सोर्स- नवभारत लाइव)
गोरखपुर

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव में मतदान जारी, कड़ी सुरक्षा के बीच अपने मत का प्रयोग कर रहे 54,910 मतदाता

Gorakhpur MLC Election: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षकMLC चुनाव के लिए 17 जिलों के 200 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है। 54,910 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी

स्निग्धा श्रीवास्तव

Highlights:

  • शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा मतदान

  • 17 जिलों में कुल 54,910 शिक्षक मतदाता कर रहे अपने मत का प्रयोग

  • भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी और सपा के डॉ. संजयन त्रिपाठी के बीच मुकाबला

  • निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. अजय सिंह ने मुकाबले को बनाया रोचक

Gorakhpur Faizabad Teacher MLC Election 2026: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। 17 जिलों में बनाए गए 200 मतदान केंद्रों पर कुल 54,910 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शुरू होने के बाद अब तक किसी भी तरह की ऐसी घटना सामने नहीं आई है, जिससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई हो। सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान चल रहा है।

चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से भी व्यापक तैयारियां की गई हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल गाड़ियां भी मौजूद हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न कराने के प्रयास में जुटी हैं।

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव मे गोरखपुर विश्वविद्यालय मे बने मतदान केंद्र पर पहुँचे भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी

गोरखपुर में मतदान को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान केंद्रों और विश्वविद्यालय परिसर के बाहर विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थकों ने अपने-अपने कैंप लगाए हैं। इन कैंपों के माध्यम से शिक्षक मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है। समर्थक मतदाताओं की पर्चियां तैयार कर उन्हें संबंधित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थक सक्रिय नजर आ रहे हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं।

ध्रुव कुमार त्रिपाठी और डॉ. संजयन त्रिपाठी के बीच मुख्य मुकाबला

इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. संजयन त्रिपाठी के बीच माना जा रहा है। डॉ. संजयन त्रिपाठी को भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद समाजवादी पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में चुनाव में राजनीतिक प्रतिष्ठा का सवाल भी जुड़ गया है। दोनों प्रत्याशियों के समर्थक अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

हालांकि, चुनावी मुकाबला केवल भाजपा और सपा तक सीमित नहीं दिखाई दे रहा है। निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. अजय सिंह ने अपनी सक्रियता से चुनाव को और रोचक बना दिया है। वहीं, प्रत्याशी राजीव यादव के समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। चारों प्रत्याशियों के समर्थक अपने पक्ष में अधिक से अधिक शिक्षक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने में जुटे हैं।

चार प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर के आसार

शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदान के दौरान जिस तरह प्रत्याशियों के समर्थक सक्रिय हैं, उससे मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं। भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर की चर्चा के बीच निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. अजय सिंह की मौजूदगी ने चुनावी समीकरण को नया आयाम दिया है। वहीं, राजीव यादव के समर्थक भी अपनी दावेदारी मजबूत करने में लगे हैं।फिलहाल, शांतिपूर्ण मतदान के बीच प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। अब सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और मतदाताओं के रुझान पर टिकी हैं। मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटियों में बंद प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 27 अक्टूबर को होने वाले मतगणना के बाद होगा। तभी स्पष्ट हो सकेगा कि शिक्षक मतदाताओं ने किस प्रत्याशी पर अपना भरोसा जताया है।

Reported by- Anurag Mishra

MLC Election 2026 LIVE: 4 राज्यों की 28 सीटों पर वोटिंग, UP में सपा के पक्ष में माहौल; CM फडणवीस ने डाला वोट

राहुल गांधी एक फेल प्रोडक्ट हैं, भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, पेश किए सबूत

अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीन के सैनिकों के बीच तनाव, ITBP चीफ के बयान से बवाल, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

आतंकियों के अधिकार की वकालत पर भारत ने पाकिस्तान को लताड़ा, UN में सुनाया खरी-खरी, याद दिलाया कारगिल युद्ध

ज्ञानेश कुमार की कुर्सी पर खतरा? ओम बिरला के बयान से CEC को हटाने की मांग ने पकड़ा जोर