मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने इसकी जांच सीओ कैंट को सौंपी
शिकायत सामने आने के चार-पांच दिन बाद भी जांच की प्रगति
मामला केवल सांसद पुलिस की निष्पक्ष जांच और न्याय व्यवस्था पर भरोसे से भी जुड़ा है
Gorakhpur Former MP Accused of Rape : पूर्वांचल की राजनीति में अपनी पहचान रखने वाले एक पूर्व सांसद पर दुष्कर्म और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगने के बाद मामला चर्चा में है। बीते 24 नवंबर को सामने आए इस प्रकरण ने शहर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोप लगाने वाली महिला रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के तारामंडल स्थित एक फाइनेंस कंपनी में काम करती है। महिला ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में पूर्व सांसद पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने इसकी जांच सीओ कैंट को सौंपी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, शिकायत सामने आने के चार-पांच दिन बाद भी जांच की प्रगति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है। ऐसे में अब लोगों की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं।
इस पूरे प्रकरण में सबसे अहम सवाल यह है कि आखिर जांच की समयसीमा क्या होगी? किसी महिला की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोपों को महज शिकायत मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यदि महिला के आरोपों में सच्चाई है तो उसे जल्द न्याय मिलना चाहिए।
जांच में अनावश्यक देरी पीड़िता के लिए मानसिक और सामाजिक परेशानी बढ़ा सकती है। वहीं, दूसरी तरफ जिस पूर्व सांसद पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा भी दांव पर है। जब तक आरोप प्रमाणित नहीं होते, तब तक किसी को दोषी मान लेना भी उचित नहीं होगा।
यही वजह है कि इस मामले में पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। जांच ऐसी होनी चाहिए जो न केवल निष्पक्ष हो, बल्कि समयबद्ध भी हो। महिला के बयान, शिकायत में बताए गए घटनाक्रम और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल के बाद पुलिस को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
यह मामला केवल एक महिला की शिकायत या किसी पूर्व सांसद की प्रतिष्ठा तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस की निष्पक्ष जांच और न्याय व्यवस्था पर भरोसे से भी जुड़ा है। यदि आरोप सही हैं तो दोषी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और यदि आरोप प्रमाणित नहीं होते हैं तो पूर्व सांसद को भी अनावश्यक सार्वजनिक आरोपों से हुए नुकसान से उबरने का अवसर मिलना चाहिए। आखिर सच सामने आने में और कितना वक्त लगेगा?