कानपुरः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों को सांत्वना देने के साथ ही आतंकियों को इस जघन्य अपराध की सजा देने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पत्नियों के सामने कोई उनका सिंदूर उजाड़े ये हम स्वीकार नहीं कर सकते। किसी भी सभ्य समाज में ऐसा नहीं होता खासतौर पर भारत के अंदर तो यह कतई स्वीकार नहीं है।
श्रद्धांजलि के बाद सीएम योगी ने शुभम की पत्नी एशान्या से मुलाकात कर सांत्वना दी। इस दौरान ऐशान्या ने मुख्यमंत्री से कहा- आतंकियों ने मेरे सामने ही मेरे पति को गोली मारी। योगी जी हमें कड़ा बदला चाहिए। आप इसका बदला लो।
पत्नी ने दो दिन से पहना है पति का शर्ट
शव के अंतिम दर्शन के बाद जब शुभम की अंतिम यात्रा शुरू हुई पत्नी ऐशान्या चीख-चीख कर रोने लगी। ऐशान्या ने 2 दिन से शुभम का शर्ट पहन रखा है। अंतिम यात्रा से पहले शर्ट निलवाया गया तो उसने शर्ट को गले से लगाया फिर फूट-फूट कर रोने लगी। यह गमगीन दृष्य देख आस-पास खड़े लोगों की आंखें नम हो गईं।
ऐशान्या ने सुनाई पहलगाम की आपबीती
ऐशान्या घटना के दर्दनाक पल को याद करते हुए बताती हैं कि मैं और शुभम मैगी खाने जा रहे थे। इसी दौरान एक आतंकी आया उसने बंदूक साइड रख कर पूछा की हिंदू हो या मुसलमान? इसके बाद शुभम से बोला कि मुसलमान हो तो कलमा पढ़ कर दिखाओ। इसके बात ऐशान्या कहती हैं कि मैंने कहा कि क्या हो गया भइया? तब उसने मुझसे पूछा हिंदू हो या मुसलमान? मैंने कहा हिंदू तो उसने मेरे पति को गोली मार दी। इसके बाद बाकी लोगों को मारा।
'हम आतंक के ताबूत ठोकेंगे आखिरी कील'
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहलगाम में जो हुआ वह क्रूर, विभत्य और कायराना कृत्य है। इसकी न केवल भारत में बल्कि दुनिया के हर समाज ने इसकी निंदा की है। उन्होंने कहा कि घटना बताती है कि आतंकवाद खात्मे की ओर है और अंतिम सांसे ले रहा है। धर्म पूछकर मारा गया ये देश में स्वीकार नहीं किया जाएगा। हम आतंक के ताबूत पर अंतिम कील ठोकेंगे।