CM Yogi Ayodhya Anganwadi Scheme: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या दौरे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी सहायिकाओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मानदेय बढ़ाने का एलान किया।
कार्यक्रम में संबोधन को दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अभी तक 8 हजार रुपये मानदेय मिलता था इसे बढ़ाकर अब 12 हजार किया जाएगा। वहीं, सहायिकाओं को अभी तक जहां 4 हजार मिलता था उन्हें अब 6 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा की सुविधा भी दी जाएगी।
अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज से 9 वर्ष पहले, मुझे याद है आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति क्या थी। आंगनवाड़ी केंद्र जर्जर थे, अव्यवस्था थी, राशन भी ईमानदारी से आंगनवाड़ी केंद्रों तक नहीं पहुंच पाता था।
जब वहां तक नहीं पहुंचता था, लेकिन बदनामी आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री और सहायकों की होती थी, गाली आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री और सहायिकाएं को सुनने को मिलती थीं। कटघरे में इनको खड़ा होना पड़ता था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि आज मैं यहां प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए योजनाओं के साथ आया हूं। उनके बढ़े हुए मानदेय को लेकर, हर आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका को प्रति वर्ष 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने को लेकर घोषणा की गई है। हम घोषित कर सकते हैं कि आंगनबाड़ी केंद्र भी स्मार्ट हैं।
सीएम योगी ने कहा कि राम मंदिर का सपा-कांग्रेस ने विरोध किया था। अयोध्या में विकास का भी विरोध किया, लेकिन फिर भी अयोध्या विकसित हुई क्योंकि विकास करने के लिए इच्छाशक्ति की जरूरत होती है। अब देश-दुनिया से लोग अयोध्या आकर दर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा के लोगों ने अयोध्या के विकास का विरोध किया।
उन्होंने कहा कि यहां न तो बिजली थी न ही सड़कें। लेकिन अब अयोध्या सोलर सिटी बन गई है। अब अयोध्या में लगातार विकास हो रहा है। सीएम ने कहा कि पहले यहां महज दो तीन घंटे के लिए ही बिजली आती थी, लेकिन अब अयोध्या रोशन हो गई है।