Aligarh Muslim University Land Dispute: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) की हॉर्स राइडिंग क्लब से जुड़ी बेशकीमती भूमि को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। करीब 500 करोड़ रुपये की बताई जा रही इस जमीन को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र जब हॉर्स राइडिंग की जमीन की ओर जाने लगे तो AMU इंतजामिया ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
छात्रों का आरोप है कि जिस जमीन को वे AMU की संपत्ति बता रहे हैं, वहां उन्हें जाने तक नहीं दिया जा रहा। छात्रों का कहना है कि नगर निगम द्वारा जमीन को अपनी संपत्ति बताते हुए AMU हॉर्स राइडिंग क्लब की भूमि को कब्जामुक्त कराया गया था। इसके बाद से ही जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक हॉर्स राइडिंग गतिविधियों से जुड़ी जमीन को लेकर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। यदि जमीन AMU की है तो उसे विश्वविद्यालय को वापस दिलाया जाए और यदि किसी अन्य संस्था का स्वामित्व है तो उससे जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं। छात्रों ने कहा कि उन्हें अपनी ही जमीन तक पहुंचने से रोकना उनके अधिकारों का हनन है।
छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन विश्वविद्यालय (AMU) को वापस नहीं मिली और छात्रों को वहां जाने की अनुमति नहीं दी गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। छात्रों का कहना है कि आगामी दिनों में बड़ा प्रदर्शन किया जा सकता है।
उधर, जमीन के स्वामित्व को लेकर AMU और नगर निगम के दावों के बीच मामला बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। करोड़ों रुपये की इस बेशकीमती भूमि को लेकर अब छात्रों के आंदोलन ने प्रशासनिक और विश्वविद्यालय स्तर पर भी हलचल बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में यह विवाद किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।