अखिलेश यादव  (सौजन्य सोशल मीडिया)
उत्तर प्रदेश

अखिलेश यादव ने गिनाए परिवारवाद के फायदे, बताया- आखिर क्यों नहीं टूटी समाजवादी पार्टी

Akhilesh Yadav on Dynastic Politics: अखिलेश यादव ने परिवारवाद के फायदे बताते हुए कहा कि इसी वजह से सपा नहीं टूटी। उन्होंने PDA को प्रेम, दया और अपनापन बताया और भाजपा पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

अर्पित शुक्ला

Akhilesh Yadav Benefits of Dynastic Politics: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिवारवाद के मुद्दे पर दिलचस्प टिप्पणी करते हुए कहा कि इसके कुछ फायदे भी होते हैं। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिवारवाद को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह समझना भी जरूरी है कि परिवारवाद से क्या फायदा होता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान बदलना चाहती थी, लेकिन जनता ने उसे हरा दिया। उन्होंने दावा किया कि कई राजनीतिक दल टूट गए, लेकिन समाजवादी पार्टी नहीं टूटी। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि सपा के पांच सांसद एक ही परिवार से थे। इसके अलावा पार्टी में कुछ मुस्लिम सांसद और कुछ पक्के समाजवादी भी थे। उनके मुताबिक, इसी वजह से पार्टी टूटने से बच गई।

'आज सच बोलने पर पाबंदी'

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आज सच बोलने पर पाबंदी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग स्कूलों और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति जनता के सामने रखना चाहते थे, लेकिन सरकार ने उन पर पाबंदी लगा दी। अखिलेश ने कहा कि दूसरों को गुंडा कहने वाले खुद कितने बड़े गुंडे निकले, यह भी सामने आ चुका है।

उन्होंने पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों से सपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के मुताबिक काम करने की जरूरत है। इंटरनेट, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से बदल रहे हैं। अगर इन क्षेत्रों में काम नहीं किया गया तो रोजगार के अवसर कैसे पैदा होंगे।

किसानों के लिए AI के इस्तेमाल पर सवाल

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर कोई बुनियादी सवाल उठाता है और सरकार के बनाए जाल में नहीं फंसता तो उसे निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के अनुसार काम करना होगा। तकनीक को नहीं समझने वाला व्यक्ति पीछे रह जाएगा।

उन्होंने सवाल उठाया कि किसानों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव की तैयारी कर रही है और जल्द ही पार्टी अपना काम शुरू करती हुई दिखाई देगी।

जापानी बच्चे की योगी के साथ सेल्फी पर भी टिप्पणी

जापानी बच्चे द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सेल्फी लिए जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह पिछले दिनों के वीडियो भी देख रहे थे। उन्होंने टिप्पणी की कि अगर उस बच्चे ने थोड़ी भी रिसर्च की होती तो शायद वह मुख्यमंत्री के साथ इतनी हिम्मत से सेल्फी नहीं ले पाता।

PDA की नई परिभाषा भी बताई

अखिलेश यादव ने PDA को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा PDA से घबराई हुई है और इसलिए इसकी अलग-अलग परिभाषाएं बताई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि PDA का मतलब 'प्रेम, दया और अपनापन' भी है। अखिलेश के मुताबिक, समाजवादी लोग प्रेम, दया और अपनापन के जरिए जितने लोगों को जोड़ेंगे, पार्टी उतनी ही मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि सिद्धांत नहीं बदलते। अखिलेश ने दावा किया कि जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही PDA आगे बढ़ेगा और भविष्य में समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक सरकार बनेगी।

'सच बोलना भी गुनाह हो गया'

जयंत चौधरी पर बिना नाम लिए की गई टिप्पणी से जुड़े विवाद पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अब सच बोलना भी गलत हो गया है और सच बोलने पर लोग मारे जा रहे हैं।

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी गठबंधन नहीं तोड़ती और वह साथ निभाने वाले लोग हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मौजूदा गठबंधन बना रहेगा और सच्चाई जानने के लिए संबंधित वीडियो देखा जा सकता है।

भारत-बांग्लादेश के रिश्तों की अग्निपरीक्षा बनेगी गंगा जल संधि, 30 साल पुरानी डील खत्म होने से पहले बढ़ी हलचल

Explainer: बोतल का पानी कितना खतरनाक है? इसे पीने से कैंसर कैसे हो सकता है

एक क्लिक में तुरंत पढ़ें 25 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें; देश-दुनिया, खेल-मनोरंजन और भी बहुत कुछ है खास

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: 2021 और 2024 के कानून रद्द, यूपी के कर्मचारियों को मिलेगी पुरानी सेवा की पेंशन

Weather Update: दक्षिण भारत में बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी; दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में कोहरे का अलर्ट