Akhilesh Yadav on Yogi Government: समाजवादी पार्टी का 12 सितंबर को बुलंदशहर में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन होना है। इस आयोजन से पहले हैलीपैड को लेकर सियासी हंगामा मच गया है। सम्मेलन से ठीक पहले समाजवादी पार्टी का 11 सितंबर को बुलंदशहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस है। लेकिन पार्टी के दौरे से पहसे हैलीपैड को लेकर विवाद गहरा गया है।
समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम से पहले बुलंदशहर में हैलीकॉप्टर उतारने की जगह यानी हैलीपैड को ब्लॉक कर दिया गया है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाए गए है कि योगी सरकार समाजवादी पार्टी को बुलंदशहर आने से रोकने की कोशिश कर रही है। अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर योगी सरकार पर सवाल उठाए।
अखिलेश ने दावा किया कि योगी सरकार समाजवादी पार्टी से डर रही है, इसलिए नेताओं को जनता के पास पहुंचने नहीं दे रही है और रोकने का बहाना ढूंढ रही है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, "बुलंदशहर में हेलीपैड के आस-पास कहीं भी जल-जमाव नहीं है, फिर भी प्रशासन सरकार के गुप्त निर्देशों पर सीमेंट, मोर्टार और पेवर ब्लॉक दिखाकर हमारे 11 सितंबर के कार्यक्रम को रद्द करने का बहाना ढूंढ रहा है। SP अधिकारियों की मौजूदगी में निष्पक्ष विशेषज्ञों से जांच करवाकर सच्चाई सामने लाई जाए।"
अखिलेश ने इस बात से भी पर्दा उठाया कि पार्टी के नेता सड़क के जरिए बुलंदशहर क्यों नहीं पहुंच सकते। अखिलेश यादव ने आगे लिखा, "अगर हम सड़क मार्ग से भी आते हैं, तो क्या एक्सप्रेसवे, हाईवे या सड़क खराब होने का बहाना बनाया जाएगा? क्योंकि असल में वे सभी सड़कें गाड़ी चलाने लायक भी नहीं हैं।"
अखिलेश यादव ने जनता का हवाला देकर सवाल उठाया कि क्या हैलीपैड और मौसम की समस्या विपक्ष के दौरे के समय ही आती है। विपक्ष के दौरे के समय ही मौसम क्यों खराब हो जाता है। उन्होंने एक्स पर आगे लिखा, "जनता पूछ रही है कि हेलीपैड और मौसम सिर्फ़ विपक्ष के लिए ही क्यों खराब हो जाते हैं?"
अखिलेश यादव ने इन दावों के साथ एक वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिस जगह पर हैलीकॉप्टर उतरना है यानी हैलीपैड के आस-पास जल-भराव नहीं है और सूखा पड़ा हुआ है। पूरी जगह पर मोर्टार और पेवर ब्लॉक बिछाए गए है।