जिलाधिकारी मनीष बंसल  (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

आगरा में PET-2026 की परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, 49 केंद्रों पर परीक्षा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध

PET Exam Centres: UPSSSC PET के लिए 49 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 25, 30 अक्टूबर, 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा में 1,36,656 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, CCTV निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

प्रदीप कुमार रावत, स्निग्धा श्रीवास्तव

UPSSSC PET 2026 Agra: प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आगरा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी। जिले में 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को 49 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधाओं तक के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट किया है कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तीन दिन, 49 केंद्र और 1.36 लाख से अधिक अभ्यर्थी

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की ओर से विज्ञापन संख्या 16-परीक्षा/2026 के तहत आयोजित PET-2026 की परीक्षा आगरा में तीन निर्धारित तिथियों पर दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।

जिले में परीक्षा के लिए कुल 49 केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, परीक्षा में कुल 1,36,656 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रत्येक पाली में 22,776 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन और निगरानी के लिए 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 49 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

सीसीटीवी से निगरानी, तलाशी के बाद मिलेगा प्रवेश

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा है। परीक्षा केंद्रों पर तैनात मजिस्ट्रेट को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पेयजल, शौचालय और हेल्प डेस्क की होगी व्यवस्था

अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय और हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को असुविधा न हो, इसके लिए यातायात और परिवहन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पुलिस, यातायात, परिवहन, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

कोषागार में सुरक्षित रखी गई गोपनीय सामग्री

परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार के अस्थायी डबल लॉक में सुरक्षित रखी गई है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से परीक्षा सामग्री केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी। प्रशासन के अनुसार, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी कर चुके हैं।

डीएम मनीष बंसल ने कहा कि PET-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। परीक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

महाराष्ट्र के शबरी नेचुरल्स को मिला जापान का ग्लोबल गुड डिजाइन अवॉर्ड, मन की बात में PM मोदी ने की सराहना

Chef Damu Dies: चेन्नई में 72 साल के शेफ दामू का निधन, 617 डिश बनाकर बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड

जलगांव में आरएसएस के पथसंचलन के दौरान पथराव और विरोध-प्रदर्शन, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

...असहाय दर्शक बनकर नहीं रह सकते, मिडिल ईस्ट संकट को लेकर एस जयशंकर का बयान; संवाद और कूटनीति को जरूरी बताया

UP चुनाव से पहले कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, लखनऊ में 200 सीट हक है हमारा के पोस्टर; अखिलेश की बढ़ेगी टेंशन?