Highlights:
वोट चोरी और बेरोजगारी से जनता परेशान
उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनेगी सरकार
रोजगार के अभाव में परिवार के भरण-पोषण पर संकट
भाजपा पर झूठ की बुनियाद पर राजनीति करने का आरोप
Shabbir Abbas Samajwadi Party Leader: देश की राजधानी नई दिल्ली में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों की ओर से सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी इन आरोपों को खारिज करती रही है। इस बीच समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई, बेरोजगारी और कथित वोट चोरी को लेकर सवाल उठाए हैं।
नवभारत से विशेष बातचीत में शब्बीर अब्बास ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। महंगाई से लेकर बेरोजगारी तक, आम जनता कई समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय लोगों के साथ छलावा किया है।
शब्बीर अब्बास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जनता के वोट के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और देश के साथ धोखा बताते हुए कहा कि झूठ की बुनियाद पर लंबे समय तक राजनीति नहीं की जा सकती। उनके मुताबिक, चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है।
सपा महानगर अध्यक्ष ने बेरोजगारी के मुद्दे पर कहा कि आज बड़ी संख्या में युवाओं के पास शैक्षणिक डिग्रियां हैं, लेकिन उन्हें रोजगार नहीं मिल पा रहा है। नौकरी की तलाश कर रहे युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि रोजगार के अभाव में युवा अपने परिवार का भरण-पोषण कैसे करें? शब्बीर अब्बास ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी ने आम परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बात करते हुए शब्बीर अब्बास ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता अभी से चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। कार्यकर्ताओं का लक्ष्य प्रदेश में सपा की सरकार बनाना है।
शब्बीर अब्बास ने विश्वास जताया कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों को ध्यान में रखकर चुनाव में फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भरोसा है कि इस बार उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा और अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी।