Agra Protest Against UGC Bill: देहात में सवर्ण समाज का UGC को लेकर विरोध प्रदर्शन अब लगातार जोर पकड़ता दिखाई दे रहा है। जयपुर से उठी विरोध की आवाज दिल्ली तक पहुंचने के बाद अब शहरों और गांवों में भी इसकी गूंज सुनाई देने लगी है।
मंगलवार को खेरागढ़ तहसील में जोरदार प्रदर्शन के बाद बुधवार को शमशाबाद में सवर्ण समाज की बड़ी हुंकार देखने को मिली। यहां बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतरे और आर्थिक आरक्षण तथा UGC बिल में संशोधन के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नजारा ऐसा था कि शमशाबाद की सड़कें मानो जंतर-मंतर में तब्दील हो गई हों। युवा से लेकर बुजुर्ग तक बड़ी संख्या में लोग बाइक, स्कूटर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और जीपों में सवार होकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे। हाथों में तिरंगा लेकर प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
समाजसेवी युवराज परिहार के नेतृत्व में बाकलपुर से गढ़ी थाना क्षेत्र तक विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लोग लगातार नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। सड़कों पर बड़ी संख्या में वाहनों और लोगों की मौजूदगी से पूरे इलाके में माहौल गरमा गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आरक्षण व्यवस्था और UGC से जुड़े प्रस्तावों को लेकर उनकी आपत्तियों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
प्रदर्शन में युवाओं की संख्या खास तौर पर अधिक नजर आई। हाथों में तिरंगा और चेहरे पर आक्रोश लिए युवा लगातार नारे लगाते रहे। ग्रामीण इलाकों से भी लोग वाहनों में भरकर प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे।
जयपुर से शुरू हुआ यह विरोध अब दिल्ली के बाद आगरा देहात तक पहुंच चुका है। खेरागढ़ के बाद शमशाबाद में हुए बड़े प्रदर्शन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में यह आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आगे भी आवाज उठाते रहने की बात कही।