Atal Udyan Near The Taj Mahal: कल-कल बहती यमुना, उसके किनारे बसा ऐतिहासिक आगरा और दुनिया भर में अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर ताजमहल। ताज का दीदार करने के लिए हर दिन बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आगरा पहुंचते हैं। पर्यटकों की सुविधा और शहर के विकास के लिए सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी आगरा के विकास पर विशेष नजर रहती है। स्मार्ट सिटी से लेकर मेट्रो परियोजना तक शहर में कई बड़े विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों से मिलने वाली टिकट की राशि में से निर्धारित हिस्सा आगरा विकास प्राधिकरण को भी मिलता है। इसी राशि को पथकर निधि के रूप में विकास कार्यों, सड़क निर्माण, सौंदर्यीकरण और पार्कों के विकास पर खर्च किया जाता है। लेकिन करोड़ों रुपये खर्च कर विकसित किए गए कुछ स्थान अब रखरखाव के अभाव में अपनी बदहाली की कहानी कहते नजर आ रहे हैं।
ताजमहल के पूर्वी गेट पर शिल्पग्राम के आगे वीआईपी पार्किंग के पास बना सेल्फी प्वाइंट और उसके समीप स्थित अटल उद्यान भी इन दिनों अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को समर्पित इस उद्यान में दिन ढलते ही पर्यटकों की आवाजाही बढ़ जाती है। सेल्फी प्वाइंट पर पर्यटक तस्वीरें खिंचवाकर ताज नगरी की यादें अपने साथ ले जाते हैं।
लेकिन उद्यान के भीतर जगह-जगह पुराने और खराब हो चुके सामान को खुले में रख दिया गया है। यह सामान किसी स्टोर की तरह दिखाई देता है और पार्क की सुंदरता पर दाग लगा रहा है। जिस उद्यान को पर्यटकों के आकर्षण और शहर की खूबसूरती बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित किया गया था, वहां खुले में बिखरा सामान जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
अटल उद्यान के सामने पर्यटकों की सुविधा के लिए शौचालय भी बनाया गया है, लेकिन पर्यटकों का कहना है कि लंबे समय से इस पर ताला लटका हुआ है। पहले भी यहां गंदगी की शिकायतें सामने आती रही हैं। अब कई महीनों से शौचालय बंद होने से पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
‘नवभारत’ की टीम मौके पर पहुंची तो कई पर्यटकों ने बताया कि वे काफी देर से शौचालय की तलाश कर रहे थे, लेकिन जो शौचालय दिखाई दिया, उस पर ताला लगा था। पर्यटकों का सवाल था कि जब सार्वजनिक सुविधा के लिए शौचालय बनाया गया है और वह बंद है तो आखिर जरूरत पड़ने पर पर्यटक कहां जाएं?
ताजमहल के ठीक पास होने के कारण इस क्षेत्र में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोगों की भी बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है। ऐसे में अटल उद्यान में खुले में रखा कबाड़ और बंद पड़ा शौचालय उद्यान के रखरखाव और पर्यटक सुविधाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।
अब जरूरत इस बात की है कि करोड़ों रुपये की पथकर निधि से विकसित पर्यटन स्थलों के निर्माण के साथ-साथ उनके नियमित रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाए, ताकि ताज नगरी आने वाले पर्यटकों को आगरा की खूबसूरती के साथ बेहतर सुविधाओं का अनुभव मिल सके।