आगरा धार्मिक अनुष्ठान (सोर्स: नवभारत लाइव)
आगरा

पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना को आगरा में नौ दिवसीय महाअनुष्ठान शुरू, निकली भव्य घटयात्रा

Agra Nine Day Religious Ceremony: किसी प्रधानमंत्री के लिए इस तरह का विशेष धार्मिक अनुष्ठान देश में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। प्रार्थना है कि पीएम राष्ट्र के विकास के लिए निरंतर सक्रिय रहें।

प्रदीप कुमार रावत, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ

  • चार बैंड, घोड़े, ऊंट और आकर्षक रथ बने आकर्षण का केंद्र

  • पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन सहित परिवार के सदस्य रहे शामिल

PM Modi Long Life Prayer: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें असीम ईश्वरीय शक्ति एवं ऊर्जा प्राप्त होने की मंगलकामना के साथ आगरा में नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में पीएनसी परिवार की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत हजारों महिलाओं की सहभागिता वाली भव्य घटयात्रा और भगवान श्रीजी की रथयात्रा के साथ हुई। चार बैंडों की धार्मिक धुनें, सजे-धजे घोड़े, ऊंट, आकर्षक बग्घियां और कई भव्य रथ यात्रा के मुख्य आकर्षण रहे।

अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक में आयोजित इस महाअनुष्ठान में पूज्य मुनि समत्वसागर महाराज, मुनि शीलसागर महाराज और मुनि सुप्रभात सागर महाराज का मंगल सान्निध्य प्राप्त हुआ। प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं आकाश जैन शास्त्री के निर्देशन में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। आयोजन में जैन समाज के हजारों महिला-पुरुष, युवा और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

किसी प्रधानमंत्री के लिए पहला विशेष धार्मिक अनुष्ठान

इस आयोजन का विशेष संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें निरंतर ईश्वरीय शक्ति, ऊर्जा, सामर्थ्य एवं विवेक प्राप्त होने की कामना करना है। आयोजकों के अनुसार, किसी प्रधानमंत्री के लिए इस तरह का विशेष धार्मिक अनुष्ठान देश में पहली बार आयोजित किया जा रहा है।

भगवान महावीर स्वामी के चरणों में प्रार्थना की जा रही है कि प्रधानमंत्री देशवासियों की सेवा और राष्ट्र के विकास के लिए निरंतर सक्रिय रहें। इसके साथ ही देश में हिंसा, वैमनस्य और अशांति समाप्त होने, विपक्षी दलों में सद्बुद्धि आने तथा भारत सहित संपूर्ण विश्व में शांति, प्रेम, अहिंसा और सद्भाव स्थापित होने की कामना भी की जा रही है।

हजारों महिलाओं के मंगल कलश से भक्तिमय हुआ कमला नगर

मंगलवार सुबह मंदिर परिसर से भव्य घटयात्रा निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में हजारों महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की। चार बैंडों की धार्मिक धुनों के बीच घोड़े, ऊंट और आकर्षक रथ यात्रा की शोभा बढ़ाते रहे।

पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन अपने परिवार के साथ एक भव्य रथ पर सवार रहे, जबकि दूसरे रथ पर सांसद नवीन जैन परिवार सहित मौजूद रहे। तीसरे रथ पर चक्रेश जैन और चौथे रथ पर योगेश जैन अपने परिवार के साथ शामिल हुए। परिवार की बुआ एवं अन्य रिश्तेदारों के लिए भी अलग-अलग रथों की व्यवस्था की गई थी। भगवान श्रीजी को लेकर युवराज सक्षम जैन रथ पर चल रहे थे।

घटयात्रा श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर कमला नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच ध्वजारोहण एवं मंडप उद्घाटन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। विधान की निर्विघ्न पूर्णता की कामना के साथ भगवान श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन-अर्चना और अन्य धार्मिक क्रियाएं कराई गईं।

सिद्ध भगवान की आराधना आत्मशुद्धि का मार्ग: मुनि समत्वसागर

प्रवचन के दौरान मुनि समत्वसागर महाराज ने कहा कि संसार के जीव अनंत काल से अशुद्धता का अनुभव करते आ रहे हैं, लेकिन शुद्धता प्राप्त करने का मार्ग नहीं समझ पाते। परिणामों की विशुद्धि ही आत्मशुद्धि का वास्तविक मार्ग है। सिद्ध भगवान की आराधना व्यक्ति को अपने जीवन को शुद्ध बनाने और आध्यात्मिक उन्नति की प्रेरणा देती है।

उन्होंने सांसद नवीन जैन और पीएनसी परिवार की धार्मिक आस्था तथा जिनधर्म के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पद और प्रतिष्ठा के साथ धर्म के प्रति अनुराग व्यक्ति को विशेष सम्मान दिलाता है। उनके प्रवचनों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

राष्ट्र की खुशहाली और विश्व शांति के लिए है महाअनुष्ठान : नवीन जैन

सांसद नवीन जैन ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, प्रेम, संयम और करुणा के सिद्धांत संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें असीम ईश्वरीय शक्ति, ऊर्जा, सामर्थ्य एवं विवेक प्राप्त हो, यही नौ दिवसीय महाअनुष्ठान का विशेष संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक परिवार या समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राष्ट्र और विश्व में शांति, सद्भाव, भाईचारे एवं खुशहाली की भावना को समर्पित है। प्रार्थना है कि देश से हिंसा और वैमनस्य समाप्त हो तथा भारत सुख, समृद्धि और प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़े।

मुनियों का सान्निध्य परिवार के लिए सौभाग्य : प्रदीप जैन

पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन ने कहा कि वर्ष में एक बार होने वाला यह धार्मिक आयोजन उनके और पूरे परिवार के लिए बड़े सौभाग्य का विषय है। इससे भी अधिक प्रसन्नता की बात है कि इस बार पूज्य मुनि समत्वसागर महाराज का परम सान्निध्य उन्हें, उनके परिवार और सभी श्रद्धालुओं को प्राप्त हो रहा है।

चक्रेश जैन ने बताया कि 17 से 25 नवंबर तक चलने वाले इस विधान में प्रतिदिन धार्मिक पूजन, अर्घ्य समर्पण, गुरु भक्ति और मंगल प्रवचन के साथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए मंदिर परिसर में विशाल पंडाल तैयार किया गया है और पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

योगेश जैन ने बताया कि दिन में धार्मिक अनुष्ठान होंगे, जबकि शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा। आयोजन का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया।

QUAD समिट में पीएम मोदी ने जमीन से उठाया तिरंगे वाला मार्कर, ट्रंप बोले- सेव इट; VIDEO वायरल

शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब फाड़ी, संजय निरुपम और शाइना एनसी ने की महाराष्ट्र में बैन की मांग

CM योगी दोनों कानों में कितने ग्राम के सोने के कुंडल पहनते हैं? जानें उनकी असली कीमत

क्या अब SpiceJet भी बंद हो जाएगा, एयरलाइन के सामने मंडरा रहा गहरा आर्थिक संकट

वाह मजा आ गया, आतंकी लतीफ भट को मारने के बाद सुरक्षाबलों ने किया बल्ले-बल्ले; VIDEO हुआ वायरल