Highlights:
रिजा समीर ने संभाली ACP सदर की जिम्मेदारी
पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा
पीड़ितों को न्याय का भरोसा दिलाया
महिला सशक्तीकरण और बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ाने की पहल
Agra Police Mission Shakti Campaign: महिलाओं, बेटियों और बुजुर्गों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ उन्हें जागरूक और सशक्त बनाने के उद्देश्य से आगरा पुलिस मिशन शक्ति अभियान चला रही है। पुलिस महानिदेशक (DGP) के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में बेटियों को न केवल उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, बल्कि उन्हें नेतृत्व और जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी दिया जा रहा है। इसी कड़ी में दसवीं की छात्रा रिजा समीर को एक दिन के लिए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) सदर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
एक दिन की एसीपी बनीं रिजा समीर ने एसीपी सदर की कुर्सी पर बैठकर कार्यभार संभाला और पुलिस विभाग की रोजमर्रा की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से उनके कामकाज, शिकायतों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। यह अनुभव छात्रा के लिए पुलिस व्यवस्था को नजदीक से जानने और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को समझने का अनूठा अवसर रहा।
एक दिन की एसीपी बनीं रिजा समीर ने केवल पुलिस की कार्यशैली को समझने तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि एसीपी कार्यालय पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनीं। उन्होंने पीड़ितों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक समझा और उन्हें उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान कार्यालय में मौजूद कांस्टेबल और उप निरीक्षकों से भी बातचीत कर उनके कार्यों और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
सहायक पुलिस आयुक्त अमीषा सिंह ने बताया कि छात्रा रिजा समीर ने उनसे पुलिस विभाग के कामकाज और जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यालय में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे पीड़ितों की शिकायतों को भी छात्रा ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी परेशानी और शिकायत के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
एसीपी अमीषा सिंह ने कहा कि उनके सानिध्य में छात्रा का इस तरह पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी को समझना एक नया और अलग अनुभव रहा। उन्होंने रिजा समीर को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मिशन शक्ति के तहत छात्रा को एक दिन की एसीपी की जिम्मेदारी सौंपने का उद्देश्य बेटियों को सशक्त बनाने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने और पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ाने का संदेश देना है। ऐसी पहल से बालिकाओं को यह समझने का अवसर मिलता है कि वे भी आत्मविश्वास के साथ जिम्मेदारियां निभा सकती हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव की भागीदार बन सकती हैं।
आगरा पुलिस की यह पहल महिला सशक्तीकरण के साथ बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।