आगरा: ताजनगरी आगरा से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां शाहदरा चुंगी फ्लाईओवर पर लखनऊ से आम भरकर ला रही पिकअप डिवाइडर से टकरा गई। इससे चार लोगों की मौत हो गई, वहीं एक व्यक्ति गंभीर और कुछ लोग आंशिक रूप से घायल हो गए। मौके पर पुलिस पहुंच गई है।
जानकारी के मुताबिक, एक आम से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक के दौरान आराम कर रहे तीन लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पिकअप चालक की भी जान चली गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।
आगरा के एसीपी हेमंत कुमार मामले पर जानकारी देते हुए कहा कि, यहां एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। आम से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई। हादसे के वक्त वहां तीन लोग मॉर्निंग वॉक के बाद आराम कर रहे थे, जिन पर यह वैन आ गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वैन में ड्राइवर और एक हेल्पर सवार थे। ड्राइवर की भी हादसे में मौत हो गई है, जबकि हेल्पर की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना में अब तक कुल चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से पिकअप को हटाया, तब जाकर सड़क पर आवाजाही बहाल हो सकी। वैन में लदे आम भी हादसे के बाद सड़क पर बिखर गए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आमों को हटवाकर रास्ता साफ करवाया।