Highlight:
दिल्ली के दो स्कूली छात्रों ने साधारण पंखे को एयर प्यूरीफायर में बदल दिया है।
एक फिल्टर बनाने में करीब 140 रुपये खर्च किए गए हैं।
प्रोजेक्ट की शुरुआती पायलट योजना में 602 फिल्टर तैयार किए गए और दिल्ली के 295 क्लासरूम तक इन्हें पहुंचाया गया।
Project Vayu: दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच एयर प्यूरीफायर खरीदना हर परिवार या स्कूल के बजट में नहीं होता। ऐसे में दिल्ली के दो स्कूली छात्रों ने एक ऐसा इनोवेशन तैयार किया है जो साधारण पंखे को एयर प्यूरीफायर में बदल सकता है। वहीं प्रोजेक्ट वायु नाम की इस पहल को कृष अग्रवाल और समर्थ मीटल ने शुरू किया है। इसकी खास बात है कि एक फिल्टर बनाने में करीब 140 रुपये खर्च होते हैं। इस पहल के लिए कृष को 2026 के डायना अवॉर्ड के रोल ऑफ ऑनर में भी जगह मिली है।
प्रोजेक्ट वायु के तहत एक खास फिल्टर तैयार किया गया है जिसे सामान्य टेबल या दीवार पर लगे पंखे के साथ लगाया जा सकता है। इसमें इलेक्ट्रोस्टैटिकली चार्ज्ड फाइबर यानी ऐसे रेशों का इस्तेमाल होता है जो अपने विद्युत आवेश की मदद से हवा में मौजूद बारीक कणों को पकड़ते हैं।
वहीं पंखा चालू होने पर हवा के दबाव से फिल्टर गुब्बारे जैसी आकृति में फैल जाता है। इससे हवा के संपर्क में आने वाला फिल्टर एरिया बढ़ता है और उसमें मौजूद PM2.5 जैसे सूक्ष्म कण फंसने लगते हैं। इसके लिए अलग से महंगा एयर प्यूरीफायर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती।
प्रोजेक्ट की वेबसाइट पर साझा किए गए टेस्ट में बताया गया है कि करीब 168 वर्ग फीट के बंद कमरे में शुरुआत में PM2.5 का स्तर 158 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था। फिल्टर को एक घंटे चलाने के बाद यह घटकर 11 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया। यानी टेस्ट में 90 फीसदी से ज्यादा की कमी दर्ज की गई। लेकिन यह नतीजा एक खास बंद कमरे में किए गए परीक्षण का है। बड़े कमरे, खुले दरवाजों और अलग-अलग परिस्थितियों में इसका असर बदल सकता है। इसलिए इसे हर जगह समान नतीजे देने वाला विकल्प नहीं समझना चाहिए।
प्रोजेक्ट की शुरुआती पायलट योजना में 602 फिल्टर तैयार किए गए और दिल्ली के 295 क्लासरूम तक इन्हें पहुंचाया गया। इससे करीब 8,000 छात्रों को फायदा मिला। डायना अवॉर्ड की आधिकारिक वेबसाइट में बताया गया है कि अब इस पहल से 10 हजार से ज्यादा स्कूली बच्चों को लाभ पहुंचा है।
वहीं टीम फिल्टर स्कूलों को मुफ्त उपलब्ध कराती है और अगले चरण में दिल्ली के 45 अन्य स्कूलों तक पहुंचने की तैयारी है। कम लागत वाला यह प्रयोग दिखाता है कि प्रदूषण से निपटने के लिए बड़े निवेश के साथ-साथ छोटे और व्यावहारिक इनोवेशन भी अहम हो सकते हैं।