iQOO Z11 Lite Launching In India On July 24: iQ अपने नए मिड-रेंज स्मार्टफोन iQOO Z11 Lite को लेकर भारतीय बाजार में एंट्री की पूरी तैयारी कर चुकी है। कंपनी ने लॉन्च से पहले फोन को लेकर टीजर जारी करने शुरू कर दिए हैं और अब इसकी कीमत को लेकर भी संकेत मिल गए हैं, जिससे साफ हो गया है कि यह एक मिड-रेंज सेगमेंट का फोन होगा। रिपोर्ट्स की मानें तो iQOO Z11 Lite को 20,000 रुपए से कम की शुरुआती कीमत में उतारा जा सकता है। कंपनी इस फोन को एक वैल्यू-फोकस्ड डिवाइस के तौर पर पेश करने की योजना बना रही है, जिसका मुख्य टारगेट कस्टमर बेस स्टूडेंट्स होंगे। फोन को भारतीय बाजार में 24 जुलाई को लॉन्च किया जाएगा।
स्पीड और मल्टीटास्किंग को बेहतर बनाने के लिए इस फोन में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 6000 ऑक्टा-कोर चिपसेट दिया गया है। इसके अलावा कंपनी ने इस फोन के लिए एक अलग माइक्रोसाइट भी तैयार की है, जिसमें बैटरी, चार्जिंग सपोर्ट, कैमरा और डिस्प्ले से जुड़ी जानकारियां सामने आई हैं।
माइक्रोसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक फोन में 6500mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी। कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज करने पर यह बैटरी करीब 20 घंटे तक सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग या फिर 80 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक की सुविधा दे सकती है। यानी लंबे समय तक इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए यह फोन काफी मुफीद साबित हो सकता है।
चार्जिंग की बात करें तो फोन में 44W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा। कंपनी के अनुसार सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में यूजर को करीब 8 घंटे की कॉलिंग या 7.2 घंटे तक ऑनलाइन वीडियो देखने जितनी बैटरी मिल जाएगी। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि पांच साल के लगातार इस्तेमाल के बाद भी बैटरी अपनी ओरिजिनल कैपेसिटी का 80 प्रतिशत हिस्सा बरकरार रख पाएगी। इसके अलावा फोन वायर्ड रिवर्स चार्जिंग और बायपास चार्जिंग 2.0 फीचर के साथ भी आएगा। ड्यूरेबिलिटी के मामले में इसे MID-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन दिया गया है, जो फोन को रोजमर्रा के टूट-फूट से बचाने में मदद करेगा।
फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए भी iQOO Z11 Lite में खास इंतजाम किया गया है। फोन में 50 मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा, जिससे यूजर्स दिन और रात दोनों समय बेहतर तस्वीरें खींच सकेंगे। कुल मिलाकर, बड़ी बैटरी, फास्ट चार्जिंग और मजबूत बिल्ड क्वालिटी के साथ यह फोन बजट सेगमेंट में एक दमदार विकल्प बनकर उभर सकता है।